छठ महापर्व को लेकर विभिन्न घाटों का जिला प्रशासन ने किया निरीक्षण, तैयारियों का लिया जायजा
- by Manjesh Kumar
- 11-Nov-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी, एसएसपी और नगर आयुक्त ने वरीय अधिकारियों के साथ शहर के सिकंदरपुर सीढ़ी घाट, आश्रम घाट, साहू पोखर घाट सहित विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लिया। डीएम ने अधिकारियों को छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये शौचालय, पेयजल, चेंजिंग रूम, घाटों पर प्रकाश की व्यवस्था, कंट्रोल रूम, एसडीआरएफ-एनडीआरएफ टीम की तैनाती सहित उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, सुदृढ़ सुरक्षा-व्यवस्था एवं सुचारू यातायात-प्रबंधन के लिए मानकों के अनुरूप सभी प्रबंधन ससमय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। महापौर के साथ-साथ पूजा आयोजन समितियों के प्रतिनिधियों एवं स्थानीय निवासियों से भी संवाद स्थापित कर उनका फीडबैक एवं सुझाव लिया गया।
डीएम ने कहा कि अधिकारियों को आपस में समन्वय स्थापित कर पूर्णतः दुर्घटना-रहित एवं छठव्रतियों तथा श्रद्धालुओं के लिए सभी प्रशासनिक सुविधा-युक्त व्यवस्था के सरकार के लक्ष्य के अनुरूप तीव्र गति से तैयारी करें। बता दें कि छठ व्रत को लेकर सभी जिलों में प्रशासनिक स्तर पर जोरशोर से तैयारी की जा रही है। सभी जगहों पर छठ पर श्रद्धालुओं को सुविधाएं मुहैया कराने को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है।


Post a comment