डैमेज कंट्रोल में जुटी भाजपा, धर्मेंद्र प्रधान पहुंचे पटना, संजय झा और नीतीश कुमार से की मुलाकात
- by Manjesh Kumar
- 09-Nov-2026
- Views
पटना: विधान परिषद चुनाव के दौरान भाजपा और जदयू के बीच बढ़ी दूरियों को लेकर अब पार्टी ने डैमेज कंट्रोल करना शुरू कर दिया है। सोमवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पटना पहुंचे। उन्होंने पटना में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। इस दौरान बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
संजय झा से मुलाकात के बाद धर्मेंद्र प्रधान एनडीए के अन्य नेताओं के साथ पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे। हालांकि, इन मुलाकातों का मुख्य एजेंडा राजनीतिक चर्चा से जुड़ा था या व्यक्तिगत कार्यक्रम, इसे लेकर कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। गौरतलब है कि धर्मेंद्र प्रधान ने 7 नवंबर को दिल्ली में भी संजय झा से मुलाकात की थी। उस दौरान उन्होंने अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड सौंपते हुए उन्हें विवाह समारोह में शामिल होने का न्योता दिया था। पटना में हुई मुलाकात को भी इसी सिलसिले से जोड़कर देखा जा रहा है।
बिहार दौरा के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बिहारवासियों को दीपावली और छठ महापर्व की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने छठी मइया से सभी की सुख-समृद्धि और सुरक्षा की कामना की। साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और बिहार लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं। धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री के बस्तर दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री हर साल देश की सुरक्षा में तैनात जवानों और अर्धसैनिक बलों के बीच पहुंचकर उनका उत्साह बढ़ाते हैं। उन्होंने इसे जवानों के प्रति सम्मान और उनके मनोबल को मजबूत करने वाला कदम बताया।


Post a comment