सीवान में पुलिस पर हमला, दो अधिकारी और एक महिला सिपाही समेत आधा दर्जन पुलिसकर्मी चोटिल
- by Manjesh Kumar
- 17-May-2026
- Views
सीवान: बड़ी खबर सीवान से है जहां एक मामले की छानबीन में गई पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। लोगों के हमले में दो पुलिस अधिकारी और एक महिला सिपाही समेत चार अन्य पुलिसकर्मी जख्मी हो गए जबकि पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई है। घटना के बाद जिले के एसपी समेत अन्य वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले में कार्रवाई शुरू कर दी। घटना आन्दर थाना क्षेत्र के हसनपुरवा गांव की है जहां एक महिला की मौत मामले की छानबीन के लिए पुलिस की टीम पहुंची थी। पुलिस टीम मृतिका महिला के बेटे और बहू को हिरासत में लेकर थाना जा रही थी तभी स्थानीय लोगों ने एकजुट हो कर पुलिस पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि लोग पुलिस की गिरफ्त से दोनों को छुड़ाने की कोशिश कर रहे थे और इसी वजह से पुलिस पर हमला कर दिया। लोगो के हमले में पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई जबकि दो पुलिस अधिकारी समेत आधा दर्जन पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह, मैरवा एसडीपीओ गौरी कुमारी समेत कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ा फिर पुलिस दोनों को सकुशल थाना लेकर पहुंची।
घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी पूरन झा भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई में व्यवधान पैदा करना और पुलिस पर हमला करना सही नहीं है। इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। महिला की मौत मामले में एक आरोपी बबलू यादव को गिरफ्तार किया गया है।


Post a comment