कार में शराब और पुलिस से बचने के लिए तेज रफ्तार, अनियंत्रित हो तस्करों ने कर जदयू नेता को रौंदा

सुपौल: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब का कारोबार नहीं थम रहा। अब शराब कारोबारियों ने तस्करी के साथ ही आपराधिक घटनाओं को अंजाम देना भी शुरू कर दिया है। बीते कई दिनों में शराब कारोबारियों के द्वारा पुलिस समेत आम लोगों पर हमले की खबरें सामने आई हैं। एक बार फिर शराब कारोबारी ने एक जदयू नेता की जान ले ली। हालांकि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार भी किया है जबकि एक भागने में सफल रहा। घटना सुपौल के रतनपुरा थाना क्षेत्र के नई बाजार रतनपुर स्थित एनएच 106 की है। मृतक जदयू नेता की पहचान मनोज कुमार के रूप में की गई।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि नेपाल से शराब लेकर बिहार आ रहे शराब तस्कर की गाड़ी का पीछा पुलिस कर रही थी जबकि तस्कर तेज रफ्तार में कार लेकर भाग रहा था। इसी दौरान घटनास्थल के समीप उसकी कार अनियंत्रित हो गई और एक ट्रैक्टर में टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे पैदल जा रहे मनोज कुमार को रौंद डाला। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी की स्थिति हो गई। आनन फानन में लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। लोगो ने बताया कि कार ने ट्रैक्टर में इतनी भीषण टक्कर मारी थी कि उसका एक पहिया भी टूट गया। बताया जा रहा है कि मृतक अपनी पोती को स्कूल में छोड़ कर रतनपुर चौक पर स्थित अपनी दुकान पर जा रहे थे तभी शराब तस्करों ने उन्हें रौंद डाला।जिसमें उनकी मौत हो गई। जदयू नेता की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गई।

इधर, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शराब लेकर भाग रहे दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक तस्कर मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार तस्करों के पास से 1050 बोतल नेपाल की देसी शराब बरामद की गई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक शराब की खेप नेपाल के लाही क्षेत्र से लाई जा रही थी और सिमराही में इसकी डिलीवरी की योजना थी। घटना को लेकर रतनपुर थानाध्यक्ष पिंटू कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। मामले में पुलिस जांच कर रही है तथा फरार तस्कर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।

  

Related Articles

Post a comment