RJD छोड़ रितु जायसवाल शामिल हुई भाजपा में, प्रदेश अध्यक्ष ने कहा 'हम दरवाजा खोल दें तो फिर...'

पटना: बिहार की चर्चित नेता रितु जायसवाल अब भाजपा में शामिल हो गई हैं। मंगलवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें सदस्यता दिलाई। इस दौरान रितु जायसवाल ने कहा कि उन्होंने राजद के काफी मेहनत किया लेकिन उनकी कदर नहीं की गई उल्टे बागी कहा गया। अब उनके पुराने वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर ट्रोल भी किया जा सकता है। रितु जायसवाल ने कहा कि वह किसी से डरती नहीं हैं बल्कि क्षेत्र की जनता के हित में काम कर रही हैं।

रितु जायसवाल ने विधानसभा चुनाव की भी चर्चा की और कहा कि परिहार की जनता परिवर्तन चाहती थी और यही वजह है कि मैने निर्दलीय मैदान में आने का निर्णय लिया। लोगों ने मुझे बागी कहा लेकिन मुझे वहां की जनता ने काफी प्यार दिया और मेरे ऊपर भरोसा जताया। आज मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और सब कुछ से ऊपर राष्ट्रहित को रखते हुए भाजपा में शामिल हुई हूं। भाजपा में शामिल होने को लेकर रितु जायसवाल ने दो दिन पहले सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा कि देश संवेदनशील दौर से गुजर रहा है और ऐसे समय में सादगी और जनहित की राजनीति जरूरी है। राजनीति उनके लिए ‘सेवा, जिम्मेदारी और विचार’ का माध्यम है, न कि प्रदर्शन और दिखावे का।

इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि हमारे नेतृत्व और पार्टी की विचारधारा से प्रभावित हो कर लोग दूसरी पार्टी से लगातार आ रहे हैं। रितु जायसवाल जी का हम स्वागत करते हैं, उनके भाजपा में आने से हमें मजबूती मिलेगी। इस दौरान उन्होंने राजद पर भी तंज कसा और कहा कि अभी तो सिर्फ रितु जायसवाल ही राजद से भाजपा में आई हैं। अगर हम अपने दरवाजे खोल दें तो राजद के चौखट पर नेता और कार्यकर्ता दिखाई नहीं देंगे बल्कि सब इधर आ जाएंगे।

  

Related Articles

Post a comment