आपदा में ग्राउंड ज़ीरो पर प्रभारी सचिव दीपक आनंद: देर रात राहत शिविरों में पहुंच कर जाना बाढ़ पीड़ितों का हाल
- by Manjesh Kumar
- 09-Sep-2026
- Views
भागलपुर: बिहार में गंगा के उफान से भागलपुर जिले की 86 से अधिक पंचायतों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है, लेकिन इस आपदा के बीच जिला प्रशासन की तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण पीड़ितों के लिए बड़ा संबल साबित हो रहा है। राहत कार्यों को गति देने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर भागलपुर के प्रभारी सचिव दीपक आनंद खुद धरातल पर उतर आए हैं। वे लगातार बाढ़ प्रभावित इलाकों और राहत शिविरों का मुआयना कर ऑन-द-स्पॉट समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। देर रात औचक निरीक्षण, ऑन-द-स्पॉट समाधान प्रभारी सचिव दीपक आनंद ने आपदा प्रबंधन एडीएम कुंदन कुमार व अन्य अधिकारियों के साथ देर रात तक भागलपुर के शहरी और ग्रामीण इलाकों में बने राहत शिविरों का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत शिविरों में किसी भी पीड़ित को परेशानी नहीं होनी चाहिए। जिला प्रशासन की मुस्तैदी और व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए प्रभारी सचिव ने कहा कि वर्तमान में प्रभावितों के लिए वृहद स्तर पर राहत कार्य संचालित किए जा रहे हैं। पीड़ितों के लिए भोजन और पोषण की भी व्यवस्था है, जिले में 6 प्रमुख राहत शिविरों के साथ 86 कम्युनिटी किचन (सामुदायिक रसोई) चलाए जा रहे हैं, जहाँ बाढ़ पीड़ितों को दोनों समय गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक भोजन दिया जा रहा है। वहीं बच्चों की विशेष देखभाल की जा रही है, 6 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए विशेष रूप से दूध की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही स्वास्थ्य व स्वच्छता का भी ध्यान रखा जा रहा है, शिविरों में प्राथमिक चिकित्सा दल तैनात हैं। पीने के स्वच्छ पानी और मोबाइल शौचालय का प्रबंध किया गया है। वहीं विस्थापित मवेशियों के लिए पर्याप्त चारे का इंतजाम है। सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए शिविरों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने का आदेश प्रभारी सचिव दीपक आनंद के द्वारा जिला प्रशासन भागलपुर के संबंधित अधिकारियों को दिया गया है।
प्रभारी सचिव दीपक आनंद ने बताया कि जिला प्रशासन की पूरी टीम पूरी निष्ठा के साथ राहत कार्यों में जुटी है। जल संसाधन विभाग द्वारा तटबंधों की मरम्मत का कार्य बेहद तेज गति से और तकनीक के साथ किया जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर की गई तैयारियों और खुद प्रभारी सचिव के लगातार स्थलीय निरीक्षण से बाढ़ पीड़ितों के चेहरे पर संतोष देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि हालांकि गंगा का जलस्तर अभी बढ़ा हुआ है, लेकिन जल्द ही स्थिति सामान्य होने की संभावना है। तब तक प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ राहत कार्यों में जुटा रहेगा।


Post a comment