शेखपुरा में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी पहल, एसपी ने पुलिस पिकेट का किया उद्घाटन
- by Manjesh Kumar
- 08-Sep-2026
- Views
शेखपुरा: नगर थाना क्षेत्र के मटोखर दह में अब अपराधियों की मनमानी पर लगाम लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। एसपी हिमांशु के निर्देश पर मटोखर दह के समीप स्थायी पुलिस पिकेट स्थापित किया गया है। इस पहल से राहगीरों के साथ-साथ आसपास के करीब पांच गांवों के लोगों को बेहतर सुरक्षा व्यवस्था मिलेगी। बताया जाता है कि मटोखर दह का इलाका लंबे समय से आपराधिक घटनाओं को लेकर चर्चित रहा है। यहां आए दिन अपराधियों द्वारा किसी न किसी वारदात को अंजाम दिया जाता था। खासकर राहगीरों से लूटपाट की घटनाओं की शिकायतें सामने आती रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना रहता था। अब पुलिस पिकेट खुलने से अपराधियों की गतिविधियों पर सीधी नजर रखी जाएगी।
एसपी हिमांशु ने बताया कि फिलहाल पुलिस पिकेट पर एक अधिकारी के साथ दस जवानों की तैनाती की गई है। साथ ही क्षेत्र में नियमित गश्ती के लिए दो बाइक भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे आसपास के गांवों और संवेदनशील इलाकों में तेजी से पेट्रोलिंग की जा सकेगी। एसपी ने कहा कि आने वाले दिनों में इस पुलिस पिकेट को और विस्तृत स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि यह व्यवस्था अपराध नियंत्रण और राहगीरों को निर्भय वातावरण देने में बेहद कारगर साबित होगी।


Post a comment