श्रावणी मेला और स्वतंत्रता दिवस पर योगदान के लिए डीएम ने किया सम्मानित, स्काउट एवं गाइड के कैडेट्स में हर्ष का माहौल

मुजफ्फरपुर: भारत स्काउट एवं गाइड के मुख्य संरक्षक सह-जिला पदाधिकारी कुमार गौरव तथा भारत स्काउट के संरक्षक एवं गाइड-सह- वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने आज समाहरणालय सभागार में भारत स्काउट एवं गाइड के बच्चों एवं पदाधिकारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान दिनांक 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता तथा श्रावणी मेला, 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा, सहायता एवं विभिन्न व्यवस्थाओं में सराहनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। लगभग 230 बच्चों के साथ-साथ भारत स्काउट एवं गाइड के अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने भारत स्काउट एवं गाइड के बच्चों एवं पदाधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्काउट एवं गाइड के सदस्यों ने अनुशासन, सेवा भावना, समर्पण, पेशेवर व्यवहार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए अधिकारीद्वय ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान तथा श्रावणी मेला के दौरान लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सहायता एवं प्रशासनिक व्यवस्था में सहयोग देकर उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अधिकारियों ने कहा कि युवाओं में सेवा, अनुशासन और नेतृत्व की भावना विकसित करने में भारत स्काउट एवं गाइड की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन समाज सेवा के प्रति अन्य युवाओं को भी प्रेरित करता है। इस अवसर पर भारत स्काउट एवं गाइड के पदाधिकारी एवं बच्चे उपस्थित रहे। प्रशस्ति पत्र प्राप्त करने वाले बच्चों एवं पदाधिकारियों में उत्साह एवं खुशी का माहौल रहा। सम्मानित सदस्यों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सामाजिक एवं प्रशासनिक कार्यों में इसी प्रकार सक्रिय सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।

मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment