चिकन के साथ रखी थी शराब, पुलिस ने छापेमारी की तो रह गई दंग, भूसे के नीचे...
- by Manjesh Kumar
- 08-Sep-2026
- Views
मुर्गी फार्म में छिपाकर रखी थी 380.875 लीटर शराब, पुलिस ने किया बरामद। गुप्त सूचना पर एसआई कौशल कुमार और एसआई राजनेता कुमार ने दो सिपाहियों के साथ की छापेमारी, पुलिस को देखते ही आरोपी फरार
कटिहार: बरारी थाना क्षेत्र के बलुआ स्थित नहर टोला में पुलिस ने मंगलवार की सुबह गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक मुर्गी फार्म से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। पुलिस के अनुसार, भूसी के बीच बोरों से ढककर रखे गए 40 कार्टन से कुल 380.875 लीटर विदेशी शराब व बीयर बरामद हुई। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को देखते ही एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, थाने को सूचना मिली थी कि बलुआ के नहर टोला स्थित आनंद मंडल के मुर्गी फार्म में बिक्री के लिए बड़ी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है। गुप्त सूचना के आधार पर एसआई कौशल कुमार और एसआई राजनेता कुमार ने दो सिपाहियों के साथ उक्त मुर्गी फार्म में छापेमारी की।
पुलिस टीम जब मुर्गी फार्म के पास पहुंची तो एक व्यक्ति पुलिस को देखते ही भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन झाड़ी और दुर्गम रास्ते का फायदा उठाकर वह फरार हो गया। मौके पर जुटे लोगों से पूछताछ के बाद फरार व्यक्ति की पहचान बलुआ निवासी मिट्ठू महालदार के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मुर्गी फार्म की तलाशी ली। तलाशी के दौरान भूसी में बोरों से ढके 40 कार्टन मिले। कार्टन खोलने पर विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब और बीयर बरामद हुई। बरामद शराब में रॉयल स्टैग, बकार्डी लिमोन, मैजिक मोमेंट्स, मास्टर ब्लेंडर्स, स्नोस्की तथा हायवर्ड्स 5000 शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, बरामद शराब में 750 एमएल की रॉयल स्टैग की 252 बोतलें, बकार्डी लिमोन की 24 बोतलें, 375 एमएल की मैजिक मोमेंट्स की 23 बोतलें, मास्टर ब्लेंडर्स की 23 बोतलें, स्नोस्की वोदका की 40 बोतलें तथा हायवर्ड्स 5000 बीयर की 236 बोतलें शामिल हैं। सभी को मिलाकर कुल 380.875 लीटर शराब बरामद होने की बात कही गई है। पुलिस ने बरामद शराब की जब्ती सूची तैयार कर उसे जब्त कर लिया। जांच के लिए अलग-अलग बैच की एक-एक बोतल नमूने के तौर पर सुरक्षित की गई, जबकि शेष जब्त शराब को सीलबंद कर मालखाने में जमा कराया गया। पुलिस को मुर्गी फार्म के आसपास खाली शराब की बोतलें भी मिलीं।
मामले में पुलिस फरार मिट्ठू महालदार के खिलाफ प्राथमिकी की कार्रवाई शुरू की है। साथ ही उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है। शराब का अवैध भंडारण, खरीद-बिक्री और परिवहन कानूनन अपराध है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


Post a comment