आरक्षण की सीमा बढ़ाने की मांग को लेकर भीम आर्मी ने निकाला मार्च, पुलिस के साथ धक्का मुक्की

पटना: बिहार में विभिन्न मुद्दों को लेकर इन दिनों राजनीति लगातार तेज है। इसी कड़ी में मंगलवार को भीम आर्मी ने राजधानी में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ नोंक झोंक और धक्का मुक्की भी हुई जिसके बाद कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल रहा। हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया। प्रदर्शनकारी गांधी मैदान से मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ रहे थे। उनकी मुख्य मांग राज्य में आरक्षण की सीमा बढ़ाने और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर सरकार द्वारा ठोस कदम उठाने की थी। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि आरक्षित वर्गों के अधिकारों की लगातार अनदेखी की जा रही है और सरकारी नौकरियों तथा शिक्षा में पर्याप्त प्रतिनिधित्व सुनिश्चित नहीं किया जा रहा है।

मार्च को रोकने के लिए पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की थी। जैसे ही प्रदर्शनकारी बैरिकेड पार कर आगे बढ़ने का प्रयास करने लगे, पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और स्थिति धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अनुमति दी गई थी, लेकिन कुछ लोगों ने निर्धारित मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था का उल्लंघन करने की कोशिश की। यातायात बाधित होने और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने हस्तक्षेप किया। बाद में प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।

प्रदर्शन के दौरान भीम आर्मी नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर सरकार ने गंभीरता से विचार नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरक्षण सामाजिक न्याय का संवैधानिक अधिकार है और इसके विस्तार को लेकर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। वहीं प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।

  

Related Articles

Post a comment