पश्चिम चंपारण में कुख्यात पुटू मिश्रा की हत्या से सनसनी, कई मामलों में था आरोपी

अंधाधुंध फायरिंग से फुलकौल गांव में दहशत, कुख्यात पुटू मिश्रा की हत्या। 5-6 राउंड फायरिंग कर अपराधियों ने ली जान, दो आरोपी चिन्हित

पश्चिम चंपारण: रामनगर थाना क्षेत्र के फुलकौल गांव में सोमवार शाम करीब 6:30 बजे अज्ञात अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर कुख्यात अपराधी संजीव कुमार मिश्रा उर्फ पुटू मिश्रा की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। कई मामलों में नामजद और फिलहाल जमानत पर बाहर चल रहा पुटू मिश्रा किसी निजी काम से फुलकौल गांव आया था। गांव में चाय पीने के दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ 5-6 राउंड फायरिंग कर दी। दो गोली लगने से मौके पर उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेज दिया। बगहा एसपी निर्मला कुमारी भी घटनास्थल पर पहुंचीं और जांच का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है।

घटना के संबंध में बगहा एसपी निर्मला कुमारी ने बताया कि हत्या करने वाले दो अपराधियों को चिन्हित कर लिया गया है। गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कौन था पुटू मिश्रा

मृतक संजीव कुमार मिश्रा उर्फ पुटू मिश्रा बेतिया पुलिस जिले के मटियरिया थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव का रहने वाला था। उस पर लूट, हत्या समेत कई संगीन मामले दर्ज थे। हत्या के बाद फुलकौल गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस इलाके में गश्त बढ़ाकर स्थिति पर नजर रखे हुए है।

  

Related Articles

Post a comment