संदिग्ध हालत में व्यक्ति की मौत मामले में प्रेमिका गिरफ्तार, जांच जारी

मुजफ्फरपुर: जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में बीते दिनों संदिग्ध परिस्थितियों में किराए के कमरे में मिली 35 वर्षीय टेंट हाउस कर्मी उपेंद्र पासवान की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी बनाई गई महिला कामनी देवी को करजा थाना क्षेत्र के मड़वन के पास से गिरफ्तार कर लिया है। कामनी देवी सरैया थाना क्षेत्र की निवासी बताई गई है। उपेंद्र पासवान की संदिग्ध मौत पर परिजनों ने हत्या का कथित प्रेमिका कामनी, जो पहले से शादीशुदा है, को जिम्मेदार ठहराया था। इसके बाद पुलिस ने अहियापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी थी।

पुलिस की छानबीन और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही थी। मामले में पुलिस की मानवीय सूचना संकलन और तकनीकी टीम ने करजा थाना क्षेत्र के मड़वन के पास महिला को एक रिश्तेदार के यहां जाने के दौरान पकड़ लिया। आशंका है कि वह किसी अन्य प्रेमी के पास जा रही थी। हालाकि पुलिस ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि उपेंद्र पासवान की मौत किस कारण से हुई। यह मामला प्रेम प्रसंग में हत्या है या फिर हत्या अथवा आत्महत्या, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस का अनुसंधान अभी जारी है। मृतक उपेंद्र बीते तीन माह से कथित प्रेमिका और उसके दो बच्चों के साथ अहियापुर के किराए के मकान में रह रहा था। इसी दौरान कमरे में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली थी, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था।

एसडीपीओ टाउन-2 कार्तिकेयन ने बताया कि इस मामले में पुलिस टीम का अनुसंधान अभी जारी है। मामले में फॉरेंसिक टीम (एफएसएल) को मौके पर बुलाकर बारीकी से जांच कराई गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। फिलहाल आरोपी बनाई गई महिला के साथ घटनास्थल पर सीन रीक्रिएट कर पूरे घटनाक्रम को एक बार फिर समझने की कोशिश की जाएगी, ताकि पता चल सके कि आखिर उस रात उपेंद्र की मौत किस वजह से हुई थी और महिला के बयान में कितनी सच्चाई है।

मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment