बिहार पंचायत सेवा संघ के प्रतिनिधिमंडल से सचिव ने की वार्ता, फिलहाल सांकेतिक विरोध जारी रखने का निर्णय
- by Manjesh Kumar
- 19-Sep-2026
- Views
पटना: पंचायत सेवा संवर्ग (प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी) की नौ सूत्री मांगों को लेकर बिहार पंचायत सेवा संघ की ओर से पंचायती राज विभाग को 8 सितंबर और पुनः 11 सितंबर को ज्ञापन दिया गया था। मांगों पर विभाग का ध्यान आकृष्ट कराने के लिए संघ के सदस्यों ने 14 और 15 सितंबर को काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया। इसके बाद विभाग को सूचित करते हुए संघ ने सांकेतिक विरोध को 21 सितंबर तक बढ़ाने का निर्णय लिया था। इसी क्रम में बुधवार को पंचायती राज विभाग की ओर से संघ के प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाया गया। विभाग के सचिव के साथ बिहार पंचायत सेवा संघ के प्रतिनिधियों की वार्ता हुई। संघ के अनुसार, बैठक में उसकी सभी मांगों पर तत्काल विचार किए जाने का आश्वासन विभाग की ओर से दिया गया। संघ ने कहा कि मांगों पर सकारात्मक परिणाम आने तक सांकेतिक विरोध जारी रहेगा।
संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि फिलहाल सामूहिक अवकाश या हड़ताल पर जाने का निर्णय नहीं लिया गया है। यदि आगे ऐसी स्थिति बनती है तो उससे पहले विभाग के साथ पुनः वार्ता की जाएगी। संघ ने कहा कि बातचीत के दौरान विभाग की ओर से मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाया गया है और अब आगे की कार्रवाई विभाग के स्तर से होने वाले निर्णय पर निर्भर करेगी। बिहार पंचायत सेवा संघ ने यह भी स्पष्ट किया कि विरोध के बावजूद बिहार सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी जारी रहेगी। संघ के सदस्य मिशन कायाकल्प, सेवा संकल्प, विकास दिवस और सहयोग शिविर सहित अन्य कार्यों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे। संघ ने अपनी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय की उम्मीद जताई है।


Post a comment