देसरी में आरओबी और एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी
- by Manjesh Kumar
- 19-Sep-2026
- Views
वैशाली: वैशाली के देसरी स्थित कृष्णा चौक पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण, महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव, रेलवे स्टेडियम के सौंदर्यीकरण एवं यात्री सुविधाओं सहित अन्य लंबित मांगों को लेकर शुरू की गई अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल आज दूसरे दिन भी जारी रही। दूसरे दिन भूख हड़ताल में कांग्रेस जिला अध्यक्ष रंजीत पंडित, प्रखंड अध्यक्ष अभिषेक कुमार, समाजसेवी अनीश कुमार के साथ कांग्रेस नेता मनीष कुमार भी भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। अनशनकारियों की संख्या दूसरे दिन तीन से बढ़ कर अब चार हो गई है। जिलाध्यक्ष रंजीत पंडित ने कहा कि इन मांगों को लेकर रेल मंत्री, मुख्यमंत्री, पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक, मंडल रेल प्रबंधक, जिलाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को आंदोलन की पूर्व सूचना दी गई थी। इसके बावजूद अब तक किसी सक्षम पदाधिकारी के वार्ता के लिए नहीं पहुंचने पर जिला अध्यक्ष ने नाराजगी व्यक्त की है।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन करना नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है। ऐसे आंदोलन की अनदेखी कर वार्ता के लिए किसी पदाधिकारी का नहीं पहुंचना लोकतांत्रिक मूल्यों की भावना के प्रतिकूल है। प्रखंड अध्यक्ष अभिषेक कुमार एवं अनीश कुमार ने कहा कि देसरी रेलवे ढाला पर प्रतिदिन लगने वाले जाम से हजारों लोगों को परेशानी होती है। आरओबी का निर्माण क्षेत्र की वर्षों पुरानी आवश्यकता है। वहीं महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक संबंधित अधिकारियों की ओर से मांगों पर सकारात्मक पहल एवं ठोस वार्ता नहीं होती, अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रहेगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अनशनकारियों के स्वास्थ्य की जांच की।
आंदोलनकारियों ने समर्थन में दूसरे दिन राजद के वरिष्ठ नेता सत्येंद्र प्रसाद यादव, देसरी के पूर्व मुखिया दिलीप सिंह, राजबल्लभ सिंह, समाजसेवी विजय कुमार यादव, पंचायत समिति सदस्य अरुण सहनी, ब्रजेश कुमार यादव, पत्रकार डॉ अरुण कुमार विद्यार्थी, कांग्रेस अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष उत्तम कुमार ठाकुर, जंदाहा कांग्रेस के अध्यक्ष चंदन झा, समता महाविद्यालय के पूर्व उपाध्यक्ष राजकिशोर कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता संत योगेन्द्र शरण नाथ, आकाश रंजन, बलिंद्र सिंह, संजीव यादव, दिनेश राय, रत्नेश कुमार सिंह, एनएसयूआई के सोहन कुमार, सुबोध पासवान, पिंकी देवी, ममता देवी, सुशीला देवी, मीना देवी के अलावे अनेकों जनप्रतिनिधियों, व्यवसायियों, महिलाओं, युवाओं एवं सैकड़ों आम नागरिकों ने भूख हड़ताल स्थल पहुंच अपना हस्ताक्षर कर समर्थन दिया।


Post a comment