प्रशासन के नाक के नीचे पटना में बड़ी चोरी, पॉश इलाके में स्थित दुकान का शटर काट चोरों ने उड़ाए 22 लाख

पटना: राजधानी पटना समेत पूरे बिहार में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस लगातार अभियान चला रही है लेकिन इसके बावजूद आपराधिक घटनाओं में कमी नहीं देखी जा रही है। एक बार फिर राजधानी पटना में अपराधियों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया है जिसके बाद पुलिस महकमे समेत कारोबारियों में हड़कंप मच गया। दरअसल बीती रात बदमाशों ने राजधानी पटना में चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने बीती रात राजधानी पटना के पॉश इलाका बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के बोरिंग कैनाल रोड में स्थित एक प्रतिष्ठान का शटर काट कर करीब 7 किलो चांदी तथा 5 लाख रुपया नकद चोरी कर ली। चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है।

प्रतिष्ठान के संचालक आशीष ने बताया कि चोर देर रात करीब 2 बजे के आसपास शटर काट कर दुकान में घुसे और बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि चोरों ने दुकान के बाहर लगे कैमरे को घूमा दिया ताकि उनकी गतिविधि कैद न हो सके। दोनों ने अपने चेहरे पर नकाब पहन रखा था। उन्होंने बताया कि चोरों ने दुकान में घुसने के बाद तिजौरी उठाया और चलते बने। इस तिजौरी में करीब 7 किलो चांदी तथा पांच लाख रुपए नकद रखे हुए थे। चोरी गए कुल सम्पत्ति की कीमत करीब 22 लाख रुपए आंकी जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रतिष्ठान की ओर से बुद्धा कॉलोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। वहीं, ऑनर ने इलाके में पुलिस गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह काफी रिहायशी इलाका है और दुकान के ऊपर एसबीआई का कार्यालय भी स्थित है, इसके बावजूद इतनी बड़ी चोरी हो गई। फिलहाल बुद्धा कॉलोनी थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुट गई है। आसपास के लिंक रोड और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे कैमरों की भी जांच की जा रही है। 

  

Related Articles

Post a comment