भारत नेपाल सीमा पर अवैध हिरण के सींग के साथ नेपाली महिला गिरफ्तार
- by Manjesh Kumar
- 21-May-2026
- Views
सुपौल: भारत-नेपाल सीमा पर SSB को बड़ी कामयाबी मिली है। एसएसबी की 45वीं बटालियन के अंतर्गत सीमा चौकी शैलेशपुर पर तैनात जवानों ने बुधवार को नियमित चेक पोस्ट ड्यूटी के दौरान एक नेपाली महिला को हिरण के सींग के साथ पकड़ा है। बताया जा रहा है कि चेकिंग के दौरान जवानों ने एक महिला के थैले की तलाशी ली तो उसमें हिरण के सींग मिले। बरामद सींग वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित श्रेणी में आते हैं। पकड़ी गई महिला की पहचान नेपाल सिरहा जिले के मिर्चैया वार्ड संख्या 03 निवासी सुनीता देवी के रूप में की गई है।
एसएसबी 45वीं बटालियन के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सीमा क्षेत्र में तस्करी और वन्यजीवों से जुड़ी अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए SSB लगातार सतर्कता और सघन जांच अभियान चला रही है। इसी के तहत महिला को संदिग्ध वस्तु के साथ पकड़ा गया। SSB ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद हिरण के सींग और महिला को वन विभाग, बीरपुर के हवाले कर दिया है। वन विभाग अब इस मामले में अग्रिम कार्रवाई करेगा। इस कार्रवाई में मुख्य आरक्षी (सामान्य) कृष्ण कुमार समेत अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Post a comment