मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े बीच सड़क चली ताबड़तोड़ गोलियां, अपराधियों ने प्रॉपर्टी डीलर को घेर कर भून दिया
- by Manjesh Kumar
- 20-May-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: बड़ी खबर मुजफ्फरपुर से है जहां बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अपराधमुक्त बिहार के दावों को अपराधियों ने दिनदहाड़े धज्जियां उड़ा दी। अपराधियों ने सरेआम बीच सड़क पर एक प्रॉपर्टी डीलर को गोलियों से भून दिया और चलते बने। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है वहीं मामले की जांच में पुलिस जुट गई है। घटना मुजफ्फरपुर के मुशहरी थाना क्षेत्र की है जहां एक प्रॉपर्टी डीलर की अपराधियों ने दिनदहाड़े हत्या कर दी। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि वैशाली के महुआ थाना क्षेत्र निवासी प्रभात मिश्रा मुशहरी थाना क्षेत्र के राहुआ गांव में अपने नाना के घर में रहते थे और प्रॉपर्टी डीलर का काम करते थे।
जानकारी के अनुसार बुधवार को मृतक प्रभात मिश्रा घर से निकल कर कही जा रहे थे तभी रास्ते में अपराधियों ने सड़क पर उन्हें रोका और ताबड़तोड़ फायरिंग कर भून दिया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया। आनन फानन में स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद सिटी एसपी महबूल्ला अंसारी समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई।
मामले को लेकर सिटी एसपी ने बताया कि अपराधियों के द्वारा प्रभात मिश्रा को गोली मारे की जाने की सूचना प्राप्त हुई जहां पर एफएसएल टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं शहर में चारों तरफ नाकाबंदी भी कर दी गई है। प्रभात मिश्रा जमीन के कारोबार से जुड़े हुए थे। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, इसके पश्चात उन्हें अंत्यपरीक्षण के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया है। पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्टया यह प्रतीत हो रहा है कि जमीन कारोबार के विवाद में ही उनकी हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस हत्याकांड के विभिन्न एंगल की भी जांच कर रही है। आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुटी है।
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment