मोतिहारी पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री का किया उद्भेदन, 5000 से अधिक हथियार और कारतूस बरामद
- by Manjesh Kumar
- 19-Jul-2026
- Views
पूर्वी चंपारण: बिहार में पुलिस लगातार अपराध के विरुद्ध कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पूर्वी चंपारण की पुलिस ने छापेमारी कर अवैध कारतूस बनाने वाले एक बहुत बड़े कारखाने का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 5000 से अधिक निर्मित और अर्धनिर्मित कारतूस बरामद करने में सफलता हासिल की है। इसके साथ ही इस पूरे अवैध नेटवर्क को संचालित करने वाले मुख्य मास्टरमाइंड मड़पा मोहन निवासी श्रीकांत समेत चार शातिर अपराधियों को भी हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस की इस छापेमारी के दौरान फैक्ट्री से कारतूस बनाने की भारी मशीनें, मेटल शीट और भारी मात्रा में केमिकल बरामद किए गए हैं। बरामद रसायनों में नाइट्रिक एसिड, रेड फास्फोरस, एसीटोन और चारकोल जैसी खतरनाक सामग्रियां शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल गन पाउडर बनाने में होता था। इस बड़े ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए चकिया और पकड़ीदयाल के एसडीपीओ (SDPO) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
इस टीम में पांच थानों की पुलिस के साथ-साथ जिला खुफिया इकाई (DIU) और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) के विशेषज्ञ भी शामिल रहे। सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमों ने एक साथ चकिया, मधुबन, गड़हिया और फेनहारा थाना क्षेत्रों में संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस ने न सिर्फ कारतूस बनाने वालों को पकड़ा है, बल्कि इन अवैध बुलेट को बाजार से खरीदकर अपराधियों तक सप्लाई करने वाले मददगारों को भी दबोचा है।
गिरफ्तार किए गए मास्टरमाइंड श्रीकांत से पुलिस की विशेष टीम लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि श्रीकांत की निशानदेही और उसके द्वारा उगले गए राज के आधार पर जिले के कई अन्य ठिकानों पर भी सघन छापेमारी का दौर जारी है।


Post a comment