मुजफ्फरपुर नगर विधायक को मिली जान से मारने की धमकी, आरोपी ने भी दर्ज कराई FIR...

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर के भाजपा विधायक रंजन कुमार को जान से मारने की धमकी मिली है। इस संबंध में विधायक ने मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना में एक युवक के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले को लेकर अपने आवेदन में विधायक ने बताया कि क्षेत्र का एक युवक सोशल मीडिया पर लगातार विधानसभा क्षेत्र के संबंध में भ्रामक बातें पोस्ट कर अफवाह फैला रहा था। बीती शाम भी उसने विधायक के फोटो का गलत तरीके से इस्तेमाल करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था जिसके बाद वह अपनी टीम और उस मुहल्ले के कुछ लोगों के साथ उससे बात करने पहुंचे थे।

विधायक ने पुलिस को दिए अपने आवेदन में बताया है कि जब वह युवक के पास पहुंचे तो वह उग्र हो गया और सभी लोगों के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगा तथा कहने लगा कि वह पहले जेल जा चुका है। विधायक को एके 47 से भून देगा। विधायक ने जिसे आरोपी बनाया है उसका नाम मुकुंद कुमार है। विधायक ने थाना में शिकायत दर्ज कराने के साथ ही आवेदन की कॉपी एसएसपी और साइबर सेल को भेज कर उक्त सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कर कार्रवाई करने की मांग है।

वहीं दूसरी तरफ जानकारी मिल रही है कि आरोपी मुकुंद कुमार ने भी विधायक रंजन कुमार और उनके समर्थकों के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी मिल रही है कि युवक ने मिठनपुरा थाना में विधायक के विरुद्ध शिकायत की है कि उन्होंने अपने समर्थकों के साथ उसके घर पर चढ़ कर मारपीट की है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुट गई है।

  

Related Articles

Post a comment