पड़ोसी ने दी बेटी की शादी करने की नसीहत, महिला ने पढ़ाई पर दिया जोर तो मां बेटी की कर दी पिटाई
- by Manjesh Kumar
- 27-Jul-2026
- Views
शेखपुरा: जिले के सिरारी थाना क्षेत्र के मदारी गांव में बेटियों को पढ़ाने और उन्हें बेहतर भविष्य देने की कोशिश एक परिवार को महंगी पड़ गई। आरोप है कि तीन बेटियों को शहर से बाहर रखकर पढ़ाई कराने से नाराज पड़ोस के लोगों ने महिला और उसकी बेटी के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। घटना में सुनीता देवी और उनकी पुत्री रानी कुमारी घायल हो गईं, जिनका इलाज शेखपुरा सदर अस्पताल में चल रहा है। घायल सुनीता देवी ने बताया कि उनकी तीनों बेटियां बाहर रहकर पढ़ाई करती हैं।
आरोप है कि पड़ोस के शंभू राम, सचिन कुमार, नीरज कुमार और छोटू कुमार लगातार बेटियों की शादी करने की नसीहत देते थे। शादी नहीं करने और बेटियों को पढ़ाने की बात को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपितों ने मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। सुनीता देवी ने बताया कि एक दिन पहले भी मारपीट की घटना हुई थी। उस मामले में उनके पति नंदकिशोर राम को सिरारी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अब महिला ने पड़ोसियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है।


Post a comment