सिलीगुड़ी से मादक पदार्थ लेकर बस से वैशाली जा रहे थे तस्कर, पूर्णिया में एक महिला समेत दो गिरफ्तार

पूर्णिया: शराबबंदी वाले बिहार में इन दिनों सूखे नशे का प्रचलन लगातार बढ़ रहा है। दूसरे राज्यों से अवैध तरीके से शराब और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी जोरों पर है। हालांकि पुलिस लगातार मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई भी कर रही है। इसी कड़ी में पूर्णिया पुलिस ने एक बार फिर कार्रवाई करते हुए एक बस से मादक पदार्थ लेकर बिहार आते हुए एक महिला समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों के पास से पुलिस ने 72 ग्राम ड्रग्स बरामद किया है। मामला पूर्णिया के डगरूआ थाना क्षेत्र का है जहां गुप्त सूचना के आधार पर रविवार - सोमवार की मध्य रात्रि पुलिस ने वाहन जांच के दौरान सिलीगुड़ी से वैशाली जा रही एक बस से ड्रग्स के साथ एक महिला समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार तस्करों ने अपनी पहचान वैशाली जिला के विदुपुर निवासी ममता देवी और मनीष कुमार के रूप में बताई। गिरफ्तार तस्करों ने बताया कि वे लोग अक्सर सिलीगुड़ी से हेरोइन ले जा कर स्थानीय स्तर पर बेचते हैं। इस बार भी वह सिलीगुड़ी से ले जा रहे थे। इसके साथ ही महिला के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। मोबाइल का IMEI नंबर भी पुलिस ने जब्ती सूची में दर्ज किया है। पुलिस पूछताछ में तस्करों ने गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी दी। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य तस्करों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी गई है। डगरूआ थाना में इस मामले को लेकर NDPS एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

  

Related Articles

Post a comment