कटिहार में दहेज की भेंट चढ़ी नवविवाहिता, मायके वालों ने कहा पति करता था प्रताड़ित

कटिहार: कटिहार जिले के आजमनगर थाना क्षेत्र के बघौड़ा पंचायत अंतर्गत कालीबाड़ी गांव के वार्ड संख्या-8 में एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान ताजल देवी उर्फ माला के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने का गंभीर आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया है। मृतिका के चाचा डालिम विश्वास ने बताया कि ताजल देवी की शादी करीब दो वर्ष पूर्व कालीबाड़ी गांव निवासी स्वर्गीय सोबा विश्वास के पुत्र छोटू विश्वास के साथ हुई थी। उनका आरोप है कि विवाह के समय दहेज में कुछ राशि दी गई थी, जबकि शेष राशि बाद में देने की बात हुई थी। इसी बकाया दहेज को लेकर ससुराल पक्ष लगातार ताजल देवी को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था।

परिजनों का कहना है कि मंगलवार की रात करीब नौ बजे ससुराल वालों ने ताजल देवी की हत्या कर उसके शव को फंदे से लटका दिया, ताकि घटना आत्महत्या प्रतीत हो। बुधवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर मृतका के माता-पिता और अन्य परिजन कालीबाड़ी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। बताया जाता है कि ताजल देवी मूल रूप से बारीमतपुर गांव निवासी चंदन विश्वास की पुत्री थीं। शादी के दो वर्ष बाद भी दंपति की कोई संतान नहीं थी। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

सूचना मिलते ही आजमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी वही आजमनगर पुलिस मृतिका के सास शीला देवी को कब्जे में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस जांच में जुटी हुई है।

  

Related Articles

Post a comment