एक हाथ में पिस्तौल दूसरे में तलवार, बदमाश ने काट दी युवक के हाथ की उंगली

शेखपुरा: एक तरफ सरकार और पुलिस अपराधमुक्त बिहार बनाने के दावे करती है तो दूसरी तरफ बदमाश पूरी तरह बेखौफ हैं। ताजा मामला शेखपुरा से है जहां एक बदमाश की करतूत का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। बदमाश ने एक युवक के हाथ की तीन उंगली काट दी जिससे युवक जख्मी हो गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना शेखपुरा के बरबीघा थाना क्षेत्र के कुतुबचक गांव की है। जख्मी की पहचान स्थानीय प्रशांत कुमार के रूप में की गई।

वायरल वीडियो में देखा जा रहा है कि एक बदमाश हाथ में पिस्तौल और तलवार लेकर किसी को बुलाने के लिए कह रहा है। इस दौरान वह कह रहा है कि अगर अभी नहीं आया तो बाद में मारेंगे। वहीं दूसरे वीडियो में दोनों युवक एक दूसरे को छोड़ कर पीछे की तरफ भागता है जिसमें एक के हाथ में हथियार है तो दूसरे के हाथ की उंगली काट जाने की वजह से लहूलुहान है। वहीं पीछे से एक आवाज भी आती है कि राहुल तुमने गलत किया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

जख्मी की तरफ से पुलिस को दिए आवेदन में बताया गया है कि आरोपी राहुल ने अपने एक साथी के साथ मिलकर दुकान से 20 हजार रुपए निकाल लिए और विरोध करने पर जान मारने की नियत से तलवार से हमला कर दिया। गनीमत रही कि युवक में गर्दन बच गई जबकि उसके हाथ की 3 उंगलियां कट गई। फिलहाल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी में जुट गई है।

  

Related Articles

Post a comment