सोनपुर मेले में दिखेगी सरकारी योजनाओं की झलक, मंत्री रमा निषाद ने किया पंडाल का उद्घाटन

सारण: समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र एवं वंचित लोगों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने तथा उन्हें विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को सोनपुर मेला में पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा स्थापित विभागीय पंडाल का उद्घाटन पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की मंत्री रमा निषाद ने किया। उद्घाटन समारोह में सोनपुर मेला में आए श्रद्धालुओं, आगंतुकों एवं स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। उपस्थित लोगों ने विभाग द्वारा की गई इस पहल की सराहना की तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने में विशेष रुचि दिखाई।

मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों के स्वागत हेतु विभिन्न स्थानों पर आकर्षक तोरणद्वारों का निर्माण कराया गया है, जो मेले की भव्यता को और बढ़ा रहे हैं। इसके साथ ही विभागीय योजनाओं का दृश्य-श्रव्य माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए पंडाल में कई एलईडी स्क्रीन/टीवी लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से योजनाओं से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की जा रही है। विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी देने, पात्र लाभुकों को योजनाओं की प्रक्रिया समझाने तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करने के लिए विभागीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति भी की गई है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए उनके बैठने एवं विश्राम की व्यवस्था की गई है। साथ ही, स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

विभाग का यह प्रयास है कि सोनपुर मेला जैसे व्यापक जनसमागम वाले आयोजन के माध्यम से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अधिकाधिक लोगों तक पहुँचे तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया जा सके।

  

Related Articles

Post a comment