शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी बोले- मोबाइल फोन शिक्षक का विकल्प नहीं, 201 नवाचारी शिक्षकों को किया गया सम्मानित

पटना। बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण के वास्तविक शिल्पकार हैं। उनकी भूमिका केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे विद्यार्थियों का भविष्य और समाज का चरित्र भी गढ़ते हैं। शिक्षकों को छात्रों की आवाज बनकर शिक्षा में बदलाव की यात्रा का सहभागी बनना चाहिए।

वे रविवार को पटना के महेंद्रू स्थित पीटीईसी में आयोजित पटना प्रमंडल अवार्ड समारोह-2026 को संबोधित कर रहे थे। टीबीटी हिस्ट्री मेकर्स की ओर से 'मेरा मोबाइल, मेरी शिक्षा' अभियान के तहत आयोजित इस समारोह में 201 नवाचारी शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

मोबाइल फोन शिक्षक का विकल्प नहीं

शिक्षा मंत्री ने कहा कि डिजिटल तकनीक आज शिक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। मोबाइल फोन और इंटरनेट का इस्तेमाल ज्ञान अर्जित करने के लिए किया जाना चाहिए। हालांकि, मोबाइल फोन कभी भी शिक्षक का विकल्प नहीं बन सकते। तकनीक का उद्देश्य शिक्षक की क्षमता को बढ़ाना और पढ़ाई को अधिक प्रभावी बनाना है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल शिक्षा का लाभ सुदूर गांवों तक पहुंचना चाहिए। विद्यार्थियों को बेहतर तरीके से पढ़ाने के लिए शिक्षकों को जिन तकनीकों और संसाधनों की जरूरत होगी, शिक्षा विभाग उन्हें उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा।

सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने का लक्ष्य

मिथिलेश तिवारी ने शिक्षकों से अगले एक वर्ष में सरकारी विद्यालयों को निजी विद्यालयों के स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य लेकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इसके लिए सोच और कार्यशैली में बदलाव जरूरी है। परफेक्शन हासिल करने के लिए परसेप्शन बदलना होगा।

उन्होंने कहा कि स्कूलों में बेहतर शिक्षा व्यवस्था और विभागीय कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से सीके अनिल जैसे ईमानदार अधिकारी को शिक्षा विभाग में अपर मुख्य सचिव के पद पर तैनात किया गया है।

गुणवत्तापूर्ण और रोजगारोन्मुख शिक्षा पर जोर

शिक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य केवल विद्यालयों में नामांकन बढ़ाना नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा देना है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में किताबी ज्ञान के साथ तार्किक क्षमता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और नैतिक मूल्यों का विकास भी जरूरी है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही समृद्ध बिहार और विकसित भारत की मजबूत नींव है।

पटना प्रमंडल के 201 शिक्षकों को सम्मान

समारोह में पटना, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास और कैमूर के 201 नवाचारी शिक्षकों को सम्मानित किया गया। शिक्षा मंत्री ने सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए उनसे अपने नवाचारों और अनुभवों को अन्य शिक्षकों के साथ साझा करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों के आपसी अनुभव और नए प्रयोग शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम में पटना विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति केसी सिन्हा, रमेश चंद्रा, ज्ञानदेव मणि त्रिपाठी समेत कई वरिष्ठ शिक्षाविद और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

  

Related Articles

Post a comment