पिता की पुण्यतिथि पर कल्याण बिगहा पहुंचे नीतीश कुमार, प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दी भावभीनी श्रद्धांजलि
- by Raushan Pratyek Media
- 29-Nov-2026
- Views
नालंदा। जनता दल (यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को अपने पैतृक गांव कल्याण बिगहा पहुंचे। यहां उन्होंने अपने पिता एवं प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय कविराज रामलखन सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने स्मृति वाटिका में स्थापित अपने पिता, माता और पत्नी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर नमन किया।
नीतीश कुमार ने स्मृति वाटिका में स्थापित पिता स्वर्गीय कविराज रामलखन सिंह, माता स्वर्गीय परमेश्वरी देवी और पत्नी स्वर्गीय मंजू देवी सिन्हा की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद अपने पैतृक आवास के आंगन में पहुंचकर उन्होंने माता स्वर्गीय परमेश्वरी देवी की प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित की।
देवी स्थान मंदिर में की पूजा-अर्चना
कल्याण बिगहा स्थित देवी स्थान मंदिर में नीतीश कुमार ने विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं लोक कल्याण की कामना की। पूजा के बाद श्रद्धालुओं और आम लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस मौके पर उनके पुत्र एवं बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार सहित परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता एवं विधान पार्षद ललन कुमार सर्राफ ने भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
नवनिर्मित सड़क का किया लोकार्पण
पुण्यतिथि कार्यक्रम के अवसर पर पारंपरिक लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। विशिष्ट कलाकारों ने निर्गुण भजन और पारंपरिक लोकगीतों की संगीतमय प्रस्तुति दी। इससे कार्यक्रम का माहौल भक्तिमय और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा।
इस दौरान नीतीश कुमार ने ग्रामीण मुख्य मार्ग से मंदिर तक बनाई गई नवनिर्मित सड़क का लोकार्पण किया। उन्होंने इस सड़क को स्थानीय ग्रामीणों को समर्पित किया। इसके बाद गांव के लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात की तथा उनका कुशलक्षेम जाना।
कई जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, नालंदा के सांसद कौशलेन्द्र कुमार, विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, विधायक जितेंद्र कुमार, नालंदा ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहम्मद मसरूर अहमद जुबैरी उर्फ मोहम्मद अरशद और महानगर जिलाध्यक्ष प्रद्युमन कुमार सहित बड़ी संख्या में जेडीयू कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
पैतृक गांव में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान नीतीश कुमार ने परिवार के सदस्यों के साथ अपने पिता और अन्य दिवंगत परिजनों को याद किया तथा ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।


Post a comment