गयाजी में विष्णुपद दर्शन कर अभिभूत हुईं राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर, बोलीं- महिलाओं तक पहुंचना प्राथमिकता
- by Raushan Pratyek Media
- 29-Nov-2026
- Views
गयाजी। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर रविवार को गयाजी पहुंचीं। यहां उन्होंने प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर में भगवान विष्णु के चरणों के दर्शन किए। मंदिर में दर्शन के बाद उन्होंने भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं की सराहना करते हुए कहा कि गयाजी की पावन धरती पर आना और विष्णुपद का दर्शन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। यहां पहुंचकर उन्हें असीम शांति और आध्यात्मिक संतुष्टि की अनुभूति हुई।
इस दौरान उनके साथ देश के विभिन्न राज्यों के महिला आयोगों की अध्यक्ष, सदस्य और मेंबर सेक्रेटरी भी मौजूद रहीं। उन्होंने इसे देशभर के महिला आयोगों का सामूहिक प्रतिनिधित्व बताया।
महिलाओं तक पहुंचना आयोग की प्राथमिकता
मीडिया से बातचीत में विजया रहाटकर ने कहा कि आध्यात्मिकता जीवन का अभिन्न हिस्सा है। धर्म और अध्यात्म का साथ चलना स्वाभाविक है। उन्होंने महिला सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े सवाल पर कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग अब जरूरतमंद महिलाओं तक खुद पहुंचने की दिशा में काम कर रहा है।
इसी उद्देश्य से सभी राज्यों के महिला आयोगों को प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि वे भी जमीनी स्तर पर महिलाओं की समस्याओं को सुन सकें और उनका उचित समाधान कर सकें। आयोग की प्राथमिकता महिलाओं को न्याय दिलाने के साथ उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील व्यवस्था तैयार करना है।
सिंदूर संबंधी बयान पर आयोग ने लिया संज्ञान
विजया रहाटकर ने महिलाओं की भावनाओं को आहत करने वाले सिंदूर संबंधी बयान के मामले में बताया कि राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। इस संबंध में राज्य के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर उचित जांच और आवश्यक कार्रवाई की सिफारिश की गई है।
महिला आरक्षण को जल्द लागू करने की उम्मीद
महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने उम्मीद जताई कि विशेष सत्र में परिसीमन बिल और उससे जुड़े प्रावधानों को पारित कर महिला आरक्षण को जमीनी स्तर पर लागू करने का रास्ता साफ होगा।
उन्होंने कहा कि गार्गी, मैत्रेयी, रानी लक्ष्मीबाई और सावित्रीबाई फुले जैसी महान महिलाओं की विरासत को आगे बढ़ाते हुए आज की महिलाएं भी विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व कर रही हैं। महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व को बढ़ावा देना समय की जरूरत है।
गयाजी में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आई महिला आयोगों की प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने महिला सुरक्षा, अधिकार और सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक प्रयासों को भी रेखांकित किया।


Post a comment