शिवहर में दहेज के लिए विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या का आरोप, अंतिम संस्कार से पहले पहुंचे मायके वाले
- by Raushan Pratyek Media
- 29-Nov-2026
- Views
शिवहर में दहेज के लिए विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या का आरोप, अंतिम संस्कार से पहले पहुंचे मायके वाले
शिवहर। बिहार के शिवहर जिले में दहेज के लिए 22 वर्षीय विवाहिता की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना तरियानी थाना क्षेत्र के जगदीशपुर कोठिया गांव की है। मृतका की पहचान नीलकमल कुमारी उर्फ लिली के रूप में हुई है।
आरोप है कि पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता की हत्या करने के बाद मायके वालों को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी शुरू कर दी। इसके लिए लकड़ी के साथ डीजल और चीनी भी श्मशान घाट ले जाई गई थी।
अंतिम संस्कार से पहले पहुंचे मायके वाले
बताया गया कि शव का अंतिम संस्कार किए जाने से पहले ही मृतका के चाचा अजय कुमार और मामा अरविंद कुमार श्मशान घाट पहुंच गए। मायके पक्ष के लोगों को वहां देखकर ससुराल पक्ष के लोगों में अफरातफरी मच गई।
मृतका के परिजनों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों के पहुंचते ही पति समेत ससुराल पक्ष के लोग शव को छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। हत्या के पीछे दहेज का विवाद होने का आरोप मृतका के मायके पक्ष की ओर से लगाया गया है। मामले में पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।


Post a comment