विशेष अभियान दिवस के तहत जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची पुनरीक्षण की कार्रवाई जारी
- by Manjesh Kumar
- 29-Nov-2026
- Views
सुल्तानपुर: भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत रविवार को जनपद के समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में विशेष अभियान दिवस के रूप में मतदाता सूची पुनरीक्षण की कार्यवाही संचालित की गई। अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा उपस्थित रहकर नागरिकों को मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने, दर्ज विवरण में संशोधन कराने तथा सूची को अद्यतन करने के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं सहयोग प्रदान किया गया।
विशेष अभियान दिवस के दौरान निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) सहित संबंधित अधिकारियों द्वारा विभिन्न मतदेय स्थलों का भ्रमण कर पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने बीएलओ से अब तक प्राप्त आवेदनों, मतदाता सूची के सत्यापन तथा नए मतदाताओं के पंजीकरण की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। साथ ही अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं एवं अन्य छूटे हुए पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त मतदाता सूची में नाम, आयु, पता एवं अन्य विवरणों में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संशोधन हेतु आवेदन प्राप्त किए गए। मृतक एवं स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के संबंध में भी नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही किए जाने की प्रक्रिया संचालित रही।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देशित किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान बूथ स्तर पर पूरी सक्रियता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाए। प्रत्येक पात्र नागरिक तक अभियान की जानकारी पहुंचाई जाए तथा प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पक्षता एवं नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में पात्र मतदाताओं का नाम सम्मिलित कराने के साथ-साथ सूची को शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिससे कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।


Post a comment