मन की बात में बिहार संग्रहालय का उल्लेख, CM सम्राट चौधरी ने PM मोदी का जताया आभार

मन की बात में बिहार संग्रहालय का उल्लेख, CM सम्राट चौधरी ने PM मोदी का जताया आभार

पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 140वें एपिसोड में बिहार संग्रहालय का उल्लेख किए जाने पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनका आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर स्थान देना पूरे राज्य के लिए गर्व और गौरव का विषय है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम का श्रवण किया। इसके बाद उन्होंने बिहार संग्रहालय का उल्लेख करने और राज्य की गौरवशाली विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति हार्दिक आभार जताया।

बिहार संग्रहालय की उपलब्धि को बताया गौरव का विषय

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार संग्रहालय राज्य की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और कलात्मक विरासत का प्रतिनिधित्व करता है। संग्रहालय को विश्व के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में नौवां स्थान और एशिया में पहला स्थान प्राप्त होना बिहार के लिए बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा इस उपलब्धि का उल्लेख राष्ट्रीय मंच पर किया जाना बिहार की गौरवशाली विरासत को देश और दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

नशामुक्त भारत और युवाओं के भविष्य पर प्रधानमंत्री का संदेश

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 'मन की बात' के 140वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

प्रधानमंत्री ने नशे की लत से संघर्ष कर उससे बाहर निकलने वाले युवाओं के प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से समाज को जागरूक और संवेदनशील बनने की प्रेरणा दी। मुख्यमंत्री ने इस संदेश को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बताया।

फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को जनआंदोलन बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को जनआंदोलन बनाने पर भी विशेष बल दिया। नियमित शारीरिक गतिविधियों, खेलकूद और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में प्रेरणादायी है।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने साइबर सुरक्षा और डिजिटल जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी संदेश दिया। आज के तकनीकी दौर में प्रत्येक नागरिक के लिए डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना बेहद जरूरी है।

जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है मन की बात

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 'मन की बात' कार्यक्रम देश की विविध उपलब्धियों, प्रेरक व्यक्तित्वों, सामाजिक प्रयासों और स्थानीय विरासत को राष्ट्रीय मंच प्रदान करता है। यह कार्यक्रम जनभागीदारी, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भूमिका को प्रोत्साहित करता है।

मुख्यमंत्री ने बिहार की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने वाले प्रेरक संदेशों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति पुनः हार्दिक आभार व्यक्त किया।

  

Related Articles

Post a comment