गया में डॉ. प्रेम कुमार ने कार्यकर्ताओं के साथ सुनी 'मन की बात', नशामुक्त युवा अभियान पर दिया जोर

गया। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने रविवार को गया में कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का 140वां एपिसोड सुना। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम की निरंतरता और जनसंवाद के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि 'मन की बात' केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं है, बल्कि करोड़ों नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित करने और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। इस कार्यक्रम के जरिए नवाचार करने वाले युवाओं, किसानों, महिलाओं और सामाजिक परिवर्तन के लिए काम करने वाले लोगों की उपलब्धियों को राष्ट्रीय पहचान मिलती है।

उन्होंने कहा कि इससे रचनात्मकता, आत्मनिर्भरता, स्वदेशी भावना, राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यबोध को प्रोत्साहन मिलता है। साथ ही विकसित भारत के संकल्प को भी नई गति मिलती है।

नशामुक्त युवा अभियान पर एकजुट प्रयास की जरूरत

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि 140वें एपिसोड में प्रधानमंत्री ने युवाओं के भविष्य के सामने नशे की लत को गंभीर चुनौती बताते हुए 'नशामुक्त युवा अभियान' के तहत सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संकल्प और दृढ़ इच्छाशक्ति से नशे की लत पर विजय पाने वाले युवाओं के उदाहरण भी प्रेरणादायक हैं।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि देश के भविष्य युवाओं को शिक्षा, खेल, कौशल विकास, रोजगार और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। इसके लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों को मिलकर काम करना होगा, ताकि नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।

AI और डिजिटल जागरूकता पर भी दिया जोर

डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में 'मिशन कर्मयोगी' और 'iGOT कर्मयोगी' डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सरकारी कर्मियों के प्रशिक्षण पर चर्चा की गई। इसके साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सहित आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और बेहतर प्रशिक्षण से शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह, संवेदनशील और जनोन्मुख बनाया जा सकता है।

उन्होंने साइबर धोखाधड़ी से बचाव, डिजिटल जागरूकता और 'संचार साथी' जैसी पहल को भी महत्वपूर्ण बताया। डिजिटल संसाधनों का सुरक्षित और जिम्मेदारी से इस्तेमाल करना आज प्रत्येक नागरिक के लिए जरूरी है।

विकसित भारत के निर्माण में योगदान की अपील

अंत में विधानसभा अध्यक्ष ने आम लोगों से प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी विचारों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज, जागरूक नागरिक, सक्षम युवा और विकसित भारत के निर्माण के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

इस अवसर पर राजनंदन गांधी, उदय कुमार, अश्विनी शर्मा, मनोज शर्मा, ऋषभ राज, रामलगन प्रसाद और वेद प्रकाश सहित अन्य कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

  

Related Articles

Post a comment