मानने को तैयार नहीं हैं भ्रष्ट सरकारी कर्मी तो निगरानी भी लगातार कर रही कार्रवाई, घूस लेते जुनियर इंजीनियर गिरफ्तार
- by Manjesh Kumar
- 16-May-2026
- Views
पटना: एक तरफ जहां राज्य की सरकार भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की बात करती है तो दूसरी तरफ सरकारी कर्मी भ्रष्टाचार खत्म नहीं होने की कसम खाए हुए हैं। हालांकि निगरानी की टीम लगातार भ्रष्ट सरकारी कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई कर रही है और इसी कड़ी में एक जूनियर इंजीनियर को घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। निगरानी की टीम ने सीतामढ़ी नगर परिषद में पदस्थापित जूनियर इंजीनियर विजय कुमार शर्मा को 1 लाख 45 हजार रुपए घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार सीतामढ़ी के पुपरी थाना क्षेत्र के जनकपुर रोड निवासी मुरली मनोहर ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी कि नगर परिषद के जूनियर इंजीनियर विजय कुमार शर्मा पुपरी नगर परिषद में आवंटित दो कार्य पूर्ण हो जाने के बाद दो बिल करीब 1 करोड़ 68 लाख रुपया भुगतान हो चुका है। नगर परिषद पुपरी में आवंटित दो कार्य किये गये कार्यों एवं आगे का कार्य आवंटित करने के एवज में 1,45,000 रूपये रिश्वत की माँग की जा रही है।
ब्यूरो ने प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया एवं आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया। प्रथम द्रष्टया आरोप सही पाये जाने के पश्चात् उपरोक्त कांड अंकित कर अनुसंधानकर्ता पवन कुमार-1, पुलिस उपाधीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया। धावादल ने कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त पुपरी नगर परिषद के जूनियर इंजीनियर विजय कुमार शर्मा को 1,45,000 रूपये रिश्वत लेते हुए जनकपुर रोड, पुपरी स्थित नगर परिषद कार्यालय के परिसर से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त से पूछताछ के उपरांत विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में पेश किया जायेगा। अग्रतर अनुसंधान की कार्रवाई की जा रही है।


Post a comment