सरकारी इंजीनियर के आवास से ईओयू को मिले 50 लाख, आय से अधिक संपत्ति के मामले में 5 ठिकानों पर रेड
- by Manjesh Kumar
- 08-Oct-2026
- Views
पटना: भ्रष्टाचार के विरुद्ध बिहार में एक बार फिर ईओयू ने बड़ी कार्रवाई की है और इस दौरान एक एक्जीक्यूटिव इंजीनियर के घर से करीब 50 लाख रुपए नकद समेत कई अन्य चीजें बरामद की है। जानकारी के अनुसार ईओयू ने योजना एवं विकास विभाग के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर नारद कुमार दास के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया था तथा उसी कड़ी में गुरुवार को उनके पटना, मुजफ्फरपुर, मुंगेर और भागलपुर में स्थित कुल 5 ठिकानों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान उनके मुजफ्फरपुर में उनके ठिकाने से ईओयू ने करीब 50 लाख रुपए नकद बरामद किया है जिसकी गिनती के लिए मशीन मंगाई गई।
ईओयू की माने तो, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर नारद कुमार दास के खिलाफ प्रथम दृष्टया उनकी ज्ञात आय के वैध स्रोतों से 83 लाख 53 हजार 200 रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने के सबूत मिले हैं। यह राशि उनकी ज्ञात आय से करीब 64.93 प्रतिशत अधिक बताई गई है। इस मामले में ईओयू ने उनके मुंगेर के बेलन बाजार बंगाली टोला, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन कार्य प्रमंडल मुंगेर के सरकारी कार्यालय, मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर स्थित राधिका अपार्टमेंट के फ्लैट, पटना के रूपसपुर स्थित कुसुमपुरम आवास स्थित सभी ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान एग्जीक्यूटिव इंजीनियर नारद कुमार दास से जुड़े प्रॉपर्टी, कागजात, बैंक डिटेल्स, वित्तीय लेन-देन, निवेश, सोने-चांदी के गहने समेत अन्य जरुरी चीजों को लेकर जांच करेगी। ईओयू लगातार बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। ऐसे में गुरुवार को आय से अधिक संपत्ति के मामले में योजना एवं विकास विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर नारद कुमार दास के खिलाफ मामला दर्ज किया।


Post a comment