बेगूसराय में भ्रष्टाचार के विरुद्ध निगरानी की बड़ी कार्रवाई, सेल्स टैक्स के असिस्टेंट कमिश्नर समेत 2 को दबोचा

बेगूसराय: बेगूसराय में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सेल्स टैक्स कार्यालय में पदस्थापित असिस्टेंट कमिश्नर प्रकाश चंद्र मोहन और डाटा ऑपरेटर संतोष झा को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद सेल्स टैक्स कार्यालय में हड़कंप मच गया। दोनों पर शिकायतकर्ता से 25 रिश्वत लेने का आरोप है। बताते चलें कि निगरानी विभाग की टीम ने बेगूसराय सेल्स टैक्स कार्यालय में कार्रवाई करते हुए सहायक कर आयुक्त प्रकाश चंद्र और उनके सहायक डाटा एंट्री ऑपरेटर संतोष झा को 25 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

बताया जा रहा है कि उलाव निवासी कपड़ा व्यवसायी ज्योति कुमार ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, जीएसटी की राशि के समायोजन के लिए सहायक कर आयुक्त प्रकाश चंद्र और डाटा एंट्री ऑपरेटर संतोष झा की ओर से 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। इसके बदले करीब साढ़े तीन लाख रुपये के जीएसटी कर के समायोजन की बात कही गई थी। व्यवसायी ने 50 हजार रुपये देने के बजाय 25 हजार रुपये रिश्वत देने की सहमति जताई और पूरे मामले की शिकायत निगरानी विभाग से की। शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने 5 अक्टूबर को मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।

निगरानी टीम की योजना के मुताबिक, व्यवसायी को चिन्हित नोटों की गड्डी दी गई। इसके बाद व्यवसायी ने डाटा एंट्री ऑपरेटर संतोष झा के माध्यम से रिश्वत की रकम सहायक कर आयुक्त प्रकाश चंद्र तक पहुंचाई। इसी दौरान निगरानी टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि निगरानी टीम की भनक लगते ही सहायक कर आयुक्त ने रिश्वत की रकम कार्यालय की खिड़की से बाहर फेंक दी। हालांकि निगरानी टीम ने मौके से रकम बरामद कर ली। इसके बाद निगरानी विभाग की टीम ने सहायक कर आयुक्त प्रकाश चंद्र और डाटा एंट्री ऑपरेटर संतोष झा को हिरासत में ले लिया।

फिलहाल दोनों से पूछताछ और पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। निगरानी विभाग के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद सेल्स टैक्स कार्यालय में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि असिस्टेंट कमिश्नर प्रकाश चंद्र मोहन के घर पर भी निगरानी विभाग की टीम के द्वारा छापेमारी की जा रही है और उनके संबंधी ठिकानों पर भी छापेमारी की जा रही है।

  

Related Articles

Post a comment