पहले चाकू से किया वार फिर मार दी गोली, कटिहार में गुड्डू अंसारी हत्याकांड मामले में 12 घंटे के अंदर 5 आरोपी गिरफ्तार

कटिहार: कटिहार में अधिवक्ता अजीजुद्दीन अंसारी उर्फ गुड्डू अंसारी की हत्या के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वारदात के करीब 12 घंटे के भीतर आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से दबोचा गया। घटना नगर थाना क्षेत्र के हरिजन चौक और पटेल चौक के बीच की है, जहां बदमाशों ने अधिवक्ता पर पहले चाकू से हमला किया और फिर गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता को पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मृतक के परिजनों के आवेदन पर नगर थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी परिचय कुमार के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्य और प्राप्त सूचना के आधार पर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।  गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो रेहान, मो अशफाक, इनायत, मो महफूज और मुन्ना उर्फ अख्तर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक चाकू, एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

एसपी परिचय कुमार ने बताया कि अधिवक्ता हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे मृतक की बहन से जुड़े जमीन विवाद और पूर्व में आरोपियों की पिटाई का बदला लेने की बात सामने आई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

  

Related Articles

Post a comment