धमदाहा के विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण करने पहुंचे डीएम, विभिन्न योजनाओं की ली जानकारी
- by Manjesh Kumar
- 06-Oct-2026
- Views
पुर्णिया:जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने मंगलवार को धमदाहा प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित विभिन्न सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आरटीपीएस, प्रधानमंत्री आवास योजना, आंगनबाड़ी केंद्रों और बुनियादी केंद्र की व्यवस्था का जायजा लिया। आरटीपीएस में लंबित आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन करने का निर्देश दिया। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना में ग्राम सभा के माध्यम से लाभुकों की जांच कर अपात्र लोगों के नाम सूची से हटाने को कहा। बुनियादी केंद्र में प्रभारी के अनुपस्थित रहने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और सुरक्षा गार्डों को निर्धारित वर्दी में ड्यूटी करने का निर्देश दिया। प्रखंड परिसर में आयोजित सहयोग सेतु शिविर का भी निरीक्षण कर अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने को कहा।
डीएम ने बी कोठी प्रखंड की अरबन्ना चकला पंचायत में आयोजित पंचायत सहयोग शिविर का जायजा लिया। शिविर में पांच शौचालय विहीन परिवारों को जीविका की ओर से 10-10 हजार रुपये का ऋण चेक तथा तीन भूमिहीन परिवारों को बासगीत पर्चा दिया गया। डीएम ने बासभूमि के लंबित आवेदनों का नियमानुसार समय पर निष्पादन करने का निर्देश दिया। डीआरसीसी स्टॉल पर छात्र-छात्राओं से बातचीत करते हुए उन्होंने स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड और बेरोजगारी भत्ता योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। वहीं, राजीव गांधी सेवा केंद्र की मरम्मत कराने का निर्देश दिया। डीएम ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने की हिदायत दी।


Post a comment