पूर्णिया में कांग्रेस ने निकाला मशाल जुलूस, शिक्षा व्यवस्था और परीक्षाओं में लगाया धांधली का आरोप

पूर्णिया: छात्रों की गूंज अभियान के अंतर्गत जिला कांग्रेस कमिटी शहरी अध्यक्ष कुमार आदित्य एवं ग्रामीण अध्यक्ष अफरोज आलम के नेतृत्व में एक विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। गिरिजा चौक से इसकी शुरुआत हुई। यहां से जेल चौक के रास्ते आरएन शाह चौक तक मशाल जुलूस निकाला गया। बड़ी संख्या में छात्रों युवाओं और आमलोगों ने हाथों में मशाल लेकर केंद्र सरकार की शिक्षा विरोधी नीतियों और लगातार हो रहे परीक्षा घोटालों के खिलाफ आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया। जुलूस के दौरान छात्रों ने पेपर लीक बंद करो शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो शिक्षा पर 5% बजट लागू करो जैसे नारे भी लगाए गये।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुमार आदित्य ने कहा कि केंद्र सरकार की नाकामी और भ्रष्ट व्यवस्था ने देश के करोड़ों युवाओं के सपनों को कुचल दिया है। NEET सहित अनेक प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार हुए पेपर लीक ने मेहनती छात्रों का भविष्य अंधकारमय बना दिया है। कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष अफरोज आलम ने कहा कि जब देश का युवा रोजगार, निष्पक्ष परीक्षा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की मांग कर रहा है, तब मोदी सरकार केवल प्रचार और झूठे दावों में व्यस्त है। शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है, लेकिन सरकार जवाबदेही से भाग रही है। यह केवल परीक्षा का नहीं बल्कि देश के भविष्य का प्रश्न है। इस दौरान आर एन साह चौक पर उन विद्यार्थियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जिन्होंने NEET पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था से उपजी मानसिक पीड़ा, तनाव एवं निराशा के कारण अपनी जान गंवा दी।

इस मौके पर सभी लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर मृतकों श्रद्धांजलि दी तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी स्मृति को नमन किया। कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अली खान ने कहा कि इन मासूम छात्रों की मौत केवल व्यक्तिगत त्रासदी नहीं, बल्कि सरकार की विफल नीतियों और संवेदनहीनता का परिणाम है। कांग्रेस के नेताओं ने केंद्र सरकार से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की इस्तीफे की मांग की। इसके अलावा यह भी कहा कि परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार किए जाएं, सभी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निश्चित वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाए, शिक्षा पर सरकारी निवेश बढ़ाकर कम से कम 5% किया जाए तथा पेपर लीक माफिया और उनके संरक्षकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि छात्रों की गूंज केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश के युवाओं के सम्मान, न्याय और सुरक्षित भविष्य की लड़ाई है। यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक हर छात्र को निष्पक्ष परीक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सम्मानजनक अवसर सुनिश्चित नहीं हो जाते। इस मौके पर खालिद अंजुम युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शेख सद्दाम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

  

Related Articles

Post a comment