उत्तर प्रदेश में भाजपा के विरुद्ध अपना उम्मीदवार उतारेंगे चिराग, हाजीपुर में कर दी बड़ी घोषणा
- by Manjesh Kumar
- 18-Jul-2026
- Views
वैशाली: केंद्र और बिहार की सरकार में एनडीए का हिस्सा और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी अगले वर्ष उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर अपना उम्मीदवार उतारेगी। इस बात की घोषणा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने खुद बिहार के हाजीपुर में की। उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने की रणनीति साझा करते हुए चिराग पासवान ने एक खास समीकरण का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब वे यूपी में पंडित से लेकर पासवान तक की बात करते हैं, तो इस दायरे में हर जाति, धर्म और समुदाय के लोग अपने आप शामिल हो जाते हैं।
चिराग पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी का विस्तार सिर्फ उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रहने वाला है। वे बहुत जल्द पंजाब का दौरा करने वाले हैं, जहां अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में मत्था टेकने के बाद पार्टी के चुनाव प्रचार की आधिकारिक शुरुआत करेंगे। इसके साथ ही उत्तराखंड की राज्य इकाई ने भी वहां चुनाव लड़ने का प्रस्ताव भेजा है, जिस पर काम चल रहा है। अपनी पार्टी के बढ़ते प्रभाव का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार से शुरू हुआ यह सफर अब कई राज्यों तक पहुंच चुका है। झारखंड और नागालैंड के बाद अब लोजपा (रा) उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पंजाब जैसे बड़े राज्यों में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत कर रही है।


Post a comment