सुरक्षाकर्मी की मुस्तैदी से वैशाली में कैश वैन लूट की बड़ी घटना टली, ग्रामीणों ने एक हथियारबंद बदमाश को पकड़ा

वैशाली: बिहार में आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है वहीं अब आम लोग भी पीछे नहीं हट रहे। सुरक्षाकर्मी की तत्परता और स्थानीय लोगों की पहल पर कैश वैन से लूट की बड़ी वारदात तो टली ही हथियार के साथ एक बदमाश भी हत्थे चढ़ गया। मामला वैशाली के सराय थाना क्षेत्र के रानीपोखर के समीप की है जहां हथियारबंद कुछ बदमाशों ने एक कैश वैन को लूटने की कोशिश की। जानकारी के अनुसार गुरुवार की दोपहर बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने कैश वैन को रोक कर लूटपाट की कोशिश की लेकिन सुरक्षा बलों की मुस्तैदी से घटना टल गई।

बताया जा रहा है कि सुरक्षाकर्मियों को जैसे ही अहसास हुआ कि बदमाशों की नियत सही नहीं है उन्होंने मोर्चा संभाल लिया और बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया और बदमाश भागने लगे लेकिन ग्रामीणों ने खदेड़ कर एक बदमाश को पकड़ लिया। इस दौरान मौके से एक पिस्टल भी बरामद की गई। पकड़े गए बदमाश की ग्रामीणों ने जम कर पिटाई भी की। इधर मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों के चंगुल से बदमाश को अपनी गिरफ्त में ले लिया और अन्य बदमाशों की पहचान में जुट गई। हालांकि मामले में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है जबकि घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ देखी गई।

  

Related Articles

Post a comment