औरंगाबाद में जनसभा में पूर्व विधायक ने थामा राजद का दामन, तेजस्वी ने केंद्र और राज्य सरकार पर साधा जोरदार निशाना
- by Manjesh Kumar
- 04-Oct-2026
- Views
औरंगाबाद: औरंगाबाद में रविवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य और केंद्र की सरकार पर जोरदार हमला किया। तेजस्वी ने दावा किया कि आने वाला समय बिहार में राजद का होगा। चुनाव और सरकार के मुद्दों पर केंद्र व राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि 2025 का चुनाव पूरी तरह फर्जी था और दो चुनाव आयुक्तों ने इसकी पोल खोल दी है। उन्होंने चुनाव आयोग को कठपुतली बताते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि चुनाव में षड्यंत्र कर जीत हासिल किया जा रहा है।
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार में एसआईआर के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए। जबरदस्ती सरकार तो बन गई, लेकिन बिहार में बेरोजगारी, पेपर लीक, घोटाला, फर्जीवाड़ा और रिश्वतखोरी जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। लोग एक तरफ बाढ़ तो दूसरी तरफ सुखाड़ की मार झेल रहे हैं। केंद्र सरकार बिहार के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। केंद्र में बिहार से आठ मंत्री हैं, लेकिन राज्य के लिए कोई बड़ा पैकेज नहीं दिया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर केवल चुनाव के समय आने और चुनाव बाद बिहार को भूल जाने का आरोप लगाया। साथ ही राज्य में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर भी सरकार पर हमला बोला और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर उनके वादों की नकल करने की टिप्पणी की। कार्यक्रम के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की मौजूदगी में रफीगंज के पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह ने अपने समर्थकों के साथ राजद का दामन थाम लिया।


Post a comment