भागलपुर में टला बड़ा हादसा, किसानों से भरी नाव पानी में अटकी, SDRF की टीम ने किया रेस्क्यू

भागलपुर: भागलपुर में शनिवार को गंगा नदी में एक बड़ा नाव हादसा होते-होते टल गया। बियाड़ा गंगा घाट के पास बीच गंगा में केला किसानों और मोटरसाइकिलों से लदी एक नाव अचानक फंस गई। नाव के फंसने की सूचना मिलते ही SDRF की टीम इंस्पेक्टर नीलू कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद नाव पर सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।  दरअसल, कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि महादेवपुर की तरफ से आ रही एक नाव गंगा के बीच में फंस गई है। सूचना मिलते ही SDRF की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। टीम ने मौके पर पहुंचकर नाव में सवार लोगों को सुरक्षित निकाला और उन्हें गंतव्य की ओर रवाना किया।

बताया जा रहा है कि नाव पर नवगछिया इलाके के कई केला किसान सवार थे, जो अपना केला बेचने के लिए भागलपुर आ रहे थे। किसानों के मुताबिक, केला खराब होने और आर्थिक नुकसान के डर से वे लोग नाव के जरिए भागलपुर पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। वहीं, जिला प्रशासन की ओर से 3 और 4 अक्टूबर को गंगा में चलने वाले जहाजों पर बाइक के आवागमन पर रोक लगाई गई है। ऐसे में केला किसानों ने भागलपुर पहुंचने के लिए नाव का सहारा लिया। लेकिन इसी दौरान नाव बीच गंगा में फंस गई और काफी देर तक पानी के बीच फंसी रही।

नाव फंसने की सूचना मिलते ही SDRF की टीम ने मोर्चा संभाला और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने से गंगा में एक बड़ा हादसा टल गया।

भागलपुर से राजीव ठाकुर की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment