बरारी में नाइट ब्लड सर्वे शुरू, 300 लोगों की होगी स्क्रीनिंग, जिला पार्षद ने खुद रक्त नमूना देकर दिया जागरूकता का संदेश

कटिहार: फाइलेरिया को शुरुआती स्तर पर पकड़ने के लिए बरारी में अब रात के समय लोगों के खून की जांच होगी। रात्रि रक्त पट्ट संग्रह (नाइट ब्लड सर्वे) अभियान का गुरुवार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय, पूर्वी बारीनगर में आगाज हुआ। जिला पार्षद गुणसागर पासवान ने अभियान का उद्घाटन किया और स्वयं रक्त का नमूना देकर लोगों से जांच कराने की अपील की। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार फाइलेरिया मच्छर जनित बीमारी है। संक्रमण के शुरुआती चरण में कई लोगों में इसके स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते। ऐसे में रक्त जांच के माध्यम से संक्रमण का पता लगाना महत्वपूर्ण है। बीमारी लंबे समय तक बनी रहने पर हाथ-पैर में सूजन, हाइड्रोसील जैसी जटिलताएं और स्थायी विकलांगता की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

कार्यक्रम में लोगों को समझाया गया कि रात में ही रक्त नमूना लेने का विशेष महत्व है, क्योंकि फाइलेरिया के परजीवी माइक्रोफाइलेरिया रात के समय रक्त में अधिक सक्रिय पाए जाते हैं। इसी कारण नाइट ब्लड सर्वे के दौरान जांच के लिए रात में रक्त का नमूना लिया जाता है। पीरामल फाउंडेशन के कार्यक्रम पदाधिकारी (संचारी रोग) संतोष कुमार जायसवाल ने बताया कि समय पर संक्रमण की पहचान होने से बीमारी के दुष्प्रभावों को नियंत्रित करने में मदद मिलती है। उन्होंने 20 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों से जांच अभियान में भाग लेने की अपील की।

इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग ने 300 लोगों की जांच का लक्ष्य तय किया है। इसके अलावा 5, 6 और 7 अक्टूबर को निर्धारित स्थानों पर भी रात्रि रक्त पट्ट संग्रह शिविर आयोजित होंगे। मौके पर बरारी सीएचसी के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ कुमार गौरव, प्रधानाचार्य सच्चिदानंद दास, विनोद राम, अभय कुमार झा, सुबोध कुमार, सरवर आलम, बिनोद यादव, नीलू मिश्रा, प्रतिमा कुमारी, अल्पना कुमारी समेत स्वास्थ्यकर्मी, आशा कार्यकर्ता एवं पीरामल फाउंडेशन की टीम मौजूद रही।

  

Related Articles

Post a comment