पूर्णिया कोर्ट का बड़ा फैसला: हत्या के दो दोषियों को आजीवन कारावास, एसएसपी डॉ शौर्य सुमन के निर्देशन में पुलिस की त्वरित कार्रवाई रंग लाई
- by Manjesh Kumar
- 03-Oct-2026
- Views
पूर्णिया: जिले की अदालत से एक बार फिर न्याय की बड़ी नजीर सामने आई है। जज-9 इनाम खान की अदालत ने कसबा थाना कांड संख्या-142/25 के दो प्राथमिक अभियुक्तों को हत्या और साजिश रचने का दोषी पाते हुए आजीवन कारावास (उम्रकैद) की कठोर सजा सुनाई है। साथ ही दोनों दोषियों पर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
त्वरित स्पीडी ट्रायल से मिला न्याय
पूर्णिया के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ शौर्य सुमन के कुशल निर्देशन एवं अनुमंडलीय अभियोजन पदाधिकारी गोपाल प्रसाद की देखरेख में पुलिस और अभियोजन पक्ष ने इस मामले में मुस्तैदी दिखाई। ठोस साक्ष्यों और गवाहों को समय पर पेश कर मामले का त्वरित विचारण (स्पीडी ट्रायल) कराया गया, जिसके परिणामस्वरूप कोर्ट ने महज एक दिन पहले अपना ऐतिहासिक फैसला सुना दिया।
इन दोषियों को मिली उम्रकैद की सजा
सजा पाने वाले दोषियों की पहचान मो इसराफिल तथा मो तस्लीम के रूप में की गई। ये दोनों दोषी गढ़बनैली सिमरिया, थाना कसबा (पूर्णिया) के निवासी हैं। दोनों के खिलाफ कसबा थाना में भारतीय दंड विधान की धारा 328 (जहर या नशीला पदार्थ देकर नुकसान पहुँचाना), 302 (हत्या) और 34 (समान मंशा/मिलीभगत) के तहत प्राथमिकी दर्ज थी।
अपराधियों में खौफ, आम जनता में बढ़ा भरोसा
पूर्णिया पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और अदालत के सख्त फैसले से इलाके के अपराधियों में हड़कंप है। एसएसपी डॉ शौर्य सुमन के नेतृत्व में पुलिस जिस तरह से गंभीर मामलों में स्पीडी ट्रायल कराकर दोषियों को सलाखों के पीछे भेज रही है, उससे जिले की कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और आम जनता का न्याय प्रणाली पर भरोसा और अधिक सुदृढ़ हुआ है


Post a comment