बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में जान बचाने के लिए एयरड्रॉप किया जा रहा खाद्य सामग्री का पैकेट बना जानलेवा, बुर्जुग की मौत, महिला का टूटा पैर
- by Manjesh Kumar
- 02-Oct-2026
- Views
सारण: पड़ोसी देश नेपाल में भारी बारिश और सलुइस गेट खोले जाने की वजह से बिहार का सारण जिला इन दिनों बाढ़ की चपेट में है। बाढ़ ने आम जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित किया है। हालांकि राज्य सरकार ने मामले में गंभीरता और तत्परता दिखाते हुए राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया। राज्य सरकार ने वायुसेना से समन्वय स्थापित कर हेलिकॉप्टर मंगवाया और बाढ़ प्रभावित इलाकों में खाने पीने और अन्य आवश्यक सामान ड्रॉप करवा रही है। लेकिन राहत और बचाव का यह काम जानलेवा साबित हो गया जबकि एक महिला का पैर टूट गया वहीं एक घर भी क्षतिग्रस्त हो गया। दरअसल हेलीकॉप्टर से गिराए जा रहे खाद्य सामग्री के पैकेट की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई जबकि एक महिला का पैर टूट गया। वहीं एक व्यक्ति के घर न छत के रूप में लगा सीमेंट का एस्बेस्टस टूट गया।
घटना बाढ़ प्रभावित परशुरामपुर गांव की है जहां हेलीकॉप्टर से गिराये जा रहे खाद्य सामग्री के पैकेट की चपेट में आने से 62 वर्षीय अनिल कुमार सिंह उर्फ अप्पू सिंह की मौत हो गयी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रशासन की ओर से हेलीकॉप्टर से बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री गिरायी जा रही थी। इसी दौरान राहत सामग्री का एक पैकेट सीधे अनिल कुमार सिंह के सिर पर आ गिरा। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गयी। राहत सामग्री गिराये जाने के दौरान एक अन्य हादसे में बदरी साह की 42 वर्षीय पत्नी के पैर में गंभीर चोट लगी और पैर टूट गया। वहीं, राहत पैकेट गिरने से धर्मनाथ ठाकुर के घर की सीमेंट की करकट वाली छत भी क्षतिग्रस्त हो गयी।
हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विमलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। भूमि उप समाहर्ता भी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने अनिल कुमार सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गयी, जबकि तटबंध पर शरण लिये बाढ़ प्रभावित लोगों में भी घटना को लेकर अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी। बता दें कि परशुरामपुर समेत आसपास के कई गांव बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हैं। बड़ी संख्या में लोग घर छोड़कर सारण तटबंध पर शरण लिये हुए हैं। इसी दौरान प्रशासन की ओर से हेलीकॉप्टर के माध्यम से बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचायी जा रही थी।


Post a comment