श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ चार दिवसीय छठ महापर्व, घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रतियों ने की परिवार की सुख-समृद्धि की कामना, प्रशासन की मुस्तैदी से शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ पर्व

कटिहार: लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। व्रतियों ने भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर बरारी प्रखंड क्षेत्र के बरंडी नदी, काढ़ागोला गंगा घाट, नगर पंचायत बरारी के विभिन्न कृत्रिम घाटों, रौनिया पंचायत में रेलवे के गड्ढे में बनाए गए घाट सहित अन्य पूजा स्थलों पर अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घाटों पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सभी ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ दूध, जल, फल-फूल और पूजन सामग्री अर्पित कर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया।

पर्व को लेकर कई श्रद्धालु दंडवत यात्रा करते हुए घाटों तक पहुंचे। वहीं, कुछ व्रतियों ने अपने घरों और आंगन में बनाए गए कृत्रिम तालाबों में ही भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। घाटों पर गूंजते छठ गीतों और भक्तिमय माहौल ने पूरे क्षेत्र को आस्था के रंग में सराबोर कर दिया। पर्व के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। विभिन्न घाटों पर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे। लोगों ने भी आपसी सहयोग और अनुशासन के साथ पर्व मनाया।

चार दिनों तक चले इस महापर्व के समापन पर क्षेत्र में सामाजिक एकता, भाईचारे और लोक संस्कृति की खूबसूरत झलक देखने को मिली। अर्घ्य अर्पित करने के बाद श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं और प्रसाद ग्रहण कर उल्लासपूर्वक अपने घर लौटे।

  

Related Articles

Post a comment