शादी का झांसा देकर दो वर्षों तक यौन शोषण का आरोप, तीन बच्चों की मां ने लगाई न्याय की गुहार
- by Manjesh Kumar
- 14-Jul-2026
- Views
शेखपुरा: जिले के सदर प्रखंड की एक महिला ने गगौर गांव निवासी एक व्यक्ति पर शादी का झांसा देकर करीब दो वर्षों तक यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने मीडिया के समक्ष अपनी आपबीती सुनाते हुए प्रशासन से न्याय दिलाने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। महिला ने बताया कि लगभग ढाई वर्ष पूर्व एक सड़क दुर्घटना में उसके पति की मौत हो गई थी। पति की मृत्यु के बाद वह अपने तीन बच्चों का पालन-पोषण करने के लिए संघर्ष कर रही है। उसके बच्चों में एक पांच वर्षीय दिव्यांग पुत्र और दो पुत्रियां हैं।
पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान गगौर गांव निवासी व्यक्ति ने उसे शादी का भरोसा दिलाया। महिला का कहना है कि आरोपी उसे खेत के बधार में ले गया, जहां उसकी मांग में सिंदूर भरकर पत्नी के रूप में साथ रखने का वादा किया। इसके बाद शादी का भरोसा देकर करीब दो वर्षों तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। महिला का आरोप है कि अब जब उसने साथ रहने और सामाजिक रूप से पत्नी का दर्जा देने की बात कही, तो आरोपी ने उसे अपने साथ रखने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर उसे धमकी भी दी गई।
महिला के अनुसार आरोपी ने कहा कि "जहां जाना है जाओ, जिससे कहना है कहो, हम तुम्हें नहीं रखेंगे।" घटना के बाद पीड़िता ने मीडिया के माध्यम से अपनी पीड़ा साझा करते हुए प्रशासन और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। उसने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उसे न्याय मिल सके।


Post a comment