WJAI बिहार समिति की पहली बैठक संपन्न, संगठन विस्तार को लेकर चार अहम प्रस्ताव पारित

पटना: वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) बिहार समिति की पहली बैठक शनिवार को पटना के डाकबंगला चौराहा स्थित WJAI के कार्यालय में आयोजित की गई। संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चार महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक की अध्यक्षता बिहार प्रदेश अध्यक्ष अक्षय आनंद और संचालन महासचिव सागर कुमार ने किया। बैठक में निर्णय लिया गया कि अगस्त के प्रथम सप्ताह में WJAI बिहार समिति की ओर से एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बिहार विधानसभा एवं विधान परिषद के अध्यक्षों तथा सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा। इसी मंच से राज्य के सभी जिला अध्यक्षों एवं जिला सचिवों की औपचारिक घोषणा भी की जाएगी।

दूसरे प्रस्ताव के तहत यह तय किया गया कि अगस्त के प्रथम सप्ताह में प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले सभी जिलों में अध्यक्ष एवं सचिव के चयन और नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी, ताकि कार्यक्रम के दौरान गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में उनकी आधिकारिक घोषणा की जा सके। बैठक में तीसरे प्रस्ताव के रूप में संगठन से असंबंधित सभी वेबसाइटों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में उठाए जाने वाले कदमों की चर्चा हुई। चौथे प्रस्ताव में यह निर्णय लिया गया कि WJAI बिहार समिति की नियमित बैठक प्रत्येक शनिवार को आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में सप्ताह भर के कार्यों की समीक्षा की जाएगी तथा आगामी गतिविधियों एवं योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

बैठक में विशेष रूप से राष्ट्रीय महासचिव मधुप मणि “पिक्कू” और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मंजेश कुमार उपस्थित रहे, वहीं प्रदेश समिति से प्रदेश अध्यक्ष अक्षय आनंद, महासचिव सागर कुमार, करुणा कुमारी, अंजनी पांडेय, रोहित मेहता और अमर सिन्हा मौजूद रहे। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन के विस्तार, पत्रकारों के हितों की रक्षा तथा बिहार में WJAI को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

  

Related Articles

Post a comment