गया में सर्वोदय ऑर्थो एवं मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के नए भवन का उद्घाटन, मरीजों को मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं

गया जी: शहर के मगध कॉलोनी स्थित सर्वोदय ऑर्थो एवं मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के नवनिर्मित भवन का शुभ गृह प्रवेश एवं उद्घाटन बुधवार को समारोहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अस्पताल प्रबंधन की ओर से उनका अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। इसके बाद डॉ प्रेम कुमार ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर अस्पताल का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर बेलागंज की विधायक मनोरमा देवी, औरंगाबाद के सांसद अभय कुशवाहा, टिकारी विधायक अजय दांगी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ प्रेम कुमार ने अस्पताल के नए भवन की शुरुआत को गया में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि यहां मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी और लोगों को इलाज के लिए सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।  अस्पताल के संचालक डॉ रंजन कुमार ने बताया कि सर्वोदय ऑर्थो हॉस्पिटल पहले मगध मेडिकल क्षेत्र रोड नंबर 12 में संचालित था। अब इसे मगध कॉलोनी के रोड नंबर-11 स्थित नवनिर्मित भवन में स्थानांतरित किया गया है। यहां हड्डी एवं जोड़ रोग, फ्रैक्चर, ट्रॉमा, हिप एवं नी रिप्लेसमेंट, स्पाइन सर्जरी और लिगामेंट सर्जरी जैसी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं।

अस्पताल की डायरेक्टर डॉ गुड़िया कुमारी ने बताया कि अब अस्पताल में हड्डी रोगों के उपचार के साथ जनरल सर्जरी एवं अन्य चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में 24 घंटे इमरजेंसी सेवा की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन का उद्देश्य मरीजों को एक ही स्थान पर आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि गया एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा मिल सके।

  

Related Articles

Post a comment