जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किसान दिवस आयोजित, धान खरीद और खाद वितरण पर हुई विस्तृत चर्चा
- by Manjesh Kumar
- 18-Nov-2026
- Views
सुल्तानपुर (उप्र): किसानों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण तथा शासन की कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। अध्यक्षता जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने की, जबकि अपर जिलाधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक में किसानों ने मुख्य रूप से धान खरीद, खाद की उपलब्धता एवं वितरण, धान खरीद केंद्रों पर नमी के मानक, राजस्व एवं विद्युत विभाग से संबंधित समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में डीएपी, यूरिया, एनपीके सहित सभी प्रकार के उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। खाद वितरण में आ रही समस्याओं को लेकर किसानों द्वारा बताए गए केंद्रों की जांच के लिए तत्काल पांच सदस्यीय टीम गठित की गई है। टीम स्थलीय निरीक्षण कर खाद वितरण व्यवस्था की जांच करेगी और अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। धान खरीद के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। नमी के मानकों को लेकर प्राप्त शिकायतों की जांच कराई जा रही है। धान खरीद केंद्रों की संख्या में वृद्धि के लिए तीन अतिरिक्त केंद्रों का प्रस्ताव संस्तुति सहित भेजा गया है। क्रय केंद्रों पर लोड की समस्या को लेकर विद्युत विभाग को कल तक ठीक कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि धान खरीद में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा किसानों को अनावश्यक परेशान करने की शिकायत सत्य पाए जाने पर संबंधित क्रय केंद्र प्रभारी अथवा समिति के विरुद्ध तत्काल आपराधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा धारा-24 के प्रकरणों की माह में एक बार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। चीनी मिल पर तौल आदि की समस्या पर जिलाधिकारी ने चीनी मिल के अधिकारी व जिला गन्ना अधिकारी की संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण कर समाधान कराने के निर्देश दिए। अंत में जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे अपने खेतों में पराली न जलाएं और जनगणना में स्वयं अपनी स्व-गणना अवश्य करें। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कृषक बंधु उपस्थित रहे।


Post a comment