मिलिया कॉन्वेंट इंग्लिश स्कूल के वार्षिक विज्ञान प्रदर्शनी में बाल वैज्ञानिकों ने दिखाई प्रतिभा

पूर्णिया: मिलिया कॉन्वेंट इंग्लिश स्कूल रामबाग में वार्षिक विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर नर्सरी से कक्षा 6तक के स्कूली बच्चों ने विज्ञान, तकनीक, नवाचार एवं रचनात्मकता पर आधारित आकर्षक मॉडल प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रत्येक वर्ष आयोजित की जाने वाली इस विज्ञान प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, रचनात्मक सोच तथा नवाचार की भावना का विकास करना है, ताकि वे भविष्य में देश के जिम्मेदार वैज्ञानिक, शोधकर्ता एवं नवप्रवर्तक बन सकें। इस वर्ष भी विद्यार्थियों ने अपने ज्ञान, कल्पनाशीलता और परिश्रम का अद्भुत परिचय देते हुए अनेक प्रभावशाली मॉडल प्रस्तुत किए।

नर्सरी, एलकेजी एवं यूकेजी के विद्यार्थियों ने भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों तथा रोबोटिक्स की उभरती दुनिया को दर्शाने वाले आकर्षक स्थिर (स्टैटिक) मॉडल प्रदर्शित किए। वर्ग एक के विद्यार्थियों ने सौरमंडल, खगोलीय पिंडों तथा जीवन विज्ञान से संबंधित मॉडल प्रस्तुत कर अंतरिक्ष के प्रति अपनी समझ का परिचय दिया। कक्षा 2 एवं 3 के विद्यार्थियों ने भौतिकी एवं जीवविज्ञान से जुड़े कार्यशील (वर्किंग) मॉडल प्रदर्शित किए, जिनके माध्यम से दैनिक जीवन में विज्ञान के विभिन्न सिद्धांतों को सरल एवं प्रभावी ढंग से समझाया गया। कक्षा 4 के विद्यार्थियों ने पृथ्वी पर होने वाली विभिन्न प्राकृतिक घटनाओं को वैज्ञानिक मॉडल के माध्यम से प्रस्तुत किया, जबकि कक्षा 5 एवं 6 के विद्यार्थियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस रोबोटिक्स एवं आधुनिक तकनीकों पर आधारित कार्यशील मॉडल प्रस्तुत कर दर्शकों का ध्यान आकृष्ट किया।

इन मॉडलों ने यह प्रदर्शित किया कि आधुनिक तकनीक किस प्रकार हमारे दैनिक जीवन को सरल और प्रभावी बना रही है। इस अवसर पर मिलिया एजुकेशनल ट्रस्ट के निदेशक डॉ. असद इमाम ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की विज्ञान प्रदर्शनी विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान की भावना एवं नवाचार की क्षमता विकसित करती है तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करती है। मिलिया एजुकेशनल ट्रस्ट के सहायक निदेशक आदिल इमाम ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी केवल विद्यार्थियों को विज्ञान समझने का अवसर ही नहीं देती, बल्कि उन्हें यह सोचने के लिए भी प्रेरित करती है कि वे भविष्य में अपने ज्ञान और नवाचार से समाज एवं राष्ट्र के विकास में किस प्रकार योगदान दे सकते हैं।

मिलिया कॉन्वेंट इंग्लिश स्कूल, रामबाग के प्रधानाचार्य ने प्रदर्शनी के प्रत्येक स्टॉल का भ्रमण कर विद्यार्थियों से उनके मॉडल एवं परियोजनाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, प्रस्तुतीकरण कौशल एवं वैज्ञानिक सोच की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर नवाचार की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्या किस्मत आरा ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, आत्मविश्वास एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण की सराहना की। उन्होंने विद्यालय की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता एवं व्यावहारिक शिक्षा को बढ़ावा देते हैं।

प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भी भाग लेकर अपने बच्चों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों का अवलोकन किया। अपने बच्चों की प्रतिभा और मेहनत को देखकर अभिभावक अत्यंत गौरवान्वित एवं उत्साहित दिखाई दिए। उनकी उपस्थिति ने विद्यार्थियों का उत्साह और आत्मविश्वास कई गुना बढ़ा दिया। वार्षिक विज्ञान प्रदर्शनी–2026 का प्रथम दिवस अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक रहा। विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, नवीन प्रयोगों तथा उत्कृष्ट प्रस्तुतीकरण ने सभी आगंतुकों को प्रभावित किया। यह आयोजन एक बार फिर मिलिया कॉन्वेंट इंग्लिश स्कूल की गुणवत्तापूर्ण एवं नवाचार-आधारित शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बना।

  

Related Articles

Post a comment